बालों का झड़ना और डैंड्रफ होगा कम? घर पर ऐसे बनाएं रीठा-आंवला-शिकाकाई का नेचुरल शैंपू

0 27

आजकल प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और अलग-अलग हेयर प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल के कारण बालों का झड़ना, डैंड्रफ और रूखापन आम समस्या बन गई है। ऐसे में कई लोग बालों की सफाई के लिए प्राकृतिक विकल्प तलाशते हैं। रीठा, आंवला और शिकाकाई से तैयार किया जाने वाला पारंपरिक शैंपू इसी तरह का एक विकल्प है। रीठा में प्राकृतिक रूप से सैपोनिन पाया जाता है, जो बालों और स्कैल्प की सफाई में मदद करता है।

शैंपू बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री

इस प्राकृतिक शैंपू को तैयार करने के लिए 8 से 10 सूखे रीठे, जिनके बीज निकाले गए हों, 5 से 6 सूखे आंवले, 5 से 6 सूखी शिकाकाई और 2 से 3 कप पानी की जरूरत होगी।

रातभर भिगोकर रखें रीठा, आंवला और शिकाकाई

सबसे पहले एक बर्तन में रीठा, आंवला और शिकाकाई डालें। इसमें 2 से 3 कप पानी मिलाकर सभी चीजों को रातभर के लिए भिगोकर रख दें। इससे जड़ी-बूटियों का अर्क पानी में अच्छी तरह घुलने लगेगा।

धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक उबालें

अगली सुबह इसी मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक उबालें। इस प्रक्रिया से रीठा, आंवला और शिकाकाई के तत्व पानी में अच्छी तरह आ जाएंगे। इसके बाद मिश्रण को आंच से उतारकर ठंडा होने दें।

ठंडा होने पर हाथों से मसलें और छान लें

मिश्रण ठंडा हो जाने के बाद रीठा और शिकाकाई को हाथों से अच्छी तरह मसलें। इससे उनमें मौजूद झाग और रस पानी में निकल आएगा। इसके बाद तैयार मिश्रण को पतले कपड़े या छलनी की मदद से छान लें और साफ बोतल में भर लें। इस तरह घर पर तैयार रीठा शैंपू इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा।

बालों में लगाने का सही तरीका

शैंपू इस्तेमाल करने से पहले बालों को सामान्य पानी से अच्छी तरह गीला कर लें। इसके बाद थोड़ी मात्रा में तैयार रीठा शैंपू हाथ में लेकर स्कैल्प पर लगाएं और हल्के हाथों से करीब 3 से 5 मिनट तक मसाज करें। प्राकृतिक होने के कारण इससे बाजार में मिलने वाले रासायनिक शैंपू की तरह ज्यादा झाग नहीं बनेगा, लेकिन यह स्कैल्प की सफाई में मदद करता है।

हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करने की सलाह

मसाज के बाद बालों को सादे पानी से अच्छी तरह धो लें। बेहतर परिणाम के लिए इस प्राकृतिक शैंपू का इस्तेमाल हफ्ते में दो बार करने की सलाह दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.