नई दिल्ली: बैरियर-फ्री यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्लाजा पर टोल चोरी करने की कोशिश अब वाहन चालकों को महंगी पड़ सकती है। सरकार ने जानबूझकर नंबर प्लेट छिपाने, फास्टैग नहीं लगाने या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल से बचने वालों पर निर्धारित टोल शुल्क के पांच गुना तक जुर्माना लगाने का फैसला किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में नए नियम तय किए हैं।
टोल चोरी पर टोल के अलावा पांच गुना जुर्माना
नए प्रावधान के तहत टोल चोरी करने वाले वाहन चालकों से संबंधित सड़क का निर्धारित टोल शुल्क और उसके पांच गुना के बराबर जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना नहीं चुकाने की स्थिति में वाहन जब्त करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक, एनएचएआई की बैरियर-फ्री टोल सड़कों पर टोल चोरी रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है। संशोधित नियमों को लागू करने के लिए अगले कुछ दिनों में अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद नियम के तहत टोल चोरी करने वालों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त पांच गुना जुर्माना वसूला जाएगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी टोल प्लाजा पर 100 रुपये शुल्क निर्धारित है, तो टोल चोरी करने वाले वाहन से 100 रुपये टोल और 500 रुपये जुर्माना लिया जाएगा। इस तरह कुल 600 रुपये चुकाने होंगे।
क्या है बैरियर-फ्री इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग प्रणाली?
MLFF यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो एक इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग प्रणाली है, जिसमें टोल प्लाजा पर बैरियर की जरूरत नहीं होती। यहां सड़क के ऊपर गैंट्री लगाई जाती हैं, जिन पर कैमरे और अन्य तकनीकी उपकरण मौजूद होते हैं।
ये उपकरण वाहन की विंडस्क्रीन पर लगे फास्टैग और नंबर प्लेट को पढ़कर उसकी पहचान करते हैं। इसके बाद वाहन के बिना रुके ही टोल शुल्क काट लिया जाता है। इस व्यवस्था से टोल प्लाजा पर वाहनों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे जाम की समस्या कम होने और ईंधन बचाने में मदद मिलती है।
जानबूझकर टोल चोरी करने पर ही लागू होगा जुर्माना
नए नियमों में यह स्पष्ट किया गया है कि जुर्माना तभी लगाया जाएगा, जब यह साबित हो कि वाहन चालक ने टोल शुल्क बचाने के इरादे से नंबर प्लेट छिपाई, उसमें छेड़छाड़ की या फास्टैग को जानबूझकर पहचान से बचाया।
इसमें वाहन की आगे या पीछे, अथवा दोनों नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ के मामले शामिल होंगे। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जा सकती है, जहां वाहन का फास्टैग पहचान में नहीं आया हो।