महाराष्ट्र में बड़ा बस हादसा: पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी प्राइवेट बस, महिला की मौत; 20 यात्री घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए। उनकी मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए।
बीड में भी हुआ था भीषण बस हादसा
महाराष्ट्र में इससे पहले अक्टूबर में बीड जिले के माजलगांव तालुका में भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। यहां एसटी बस और कार के बीच जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुई थी। कार में सवार श्रद्धालु तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई थी बस
इससे पहले नवी मुंबई के ठाणे-बेलापुर मार्ग पर बेलापुर खिंड में एसटी बस का ब्रेक फेल हो गया था। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगी और उसने तीन ऑटो रिक्शा तथा तीन कारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए थे।
बस हादसों के पीछे क्या हो सकती हैं वजहें?
देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बस दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं। इन हादसों के पीछे यातायात नियमों की अनदेखी, चालक को नींद आना और वाहन चलाते समय भ्रम की स्थिति पैदा होना जैसी वजहें हो सकती हैं।
इसके अलावा बस चालकों को पर्याप्त आराम नहीं मिलना भी सड़क सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। लगातार लंबे समय तक वाहन चलाने से उनकी ड्राइविंग क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में चालकों के काम के घंटों और आराम को लेकर सख्त नियमों की जरूरत पर भी सवाल उठते हैं। सड़क पर बरती गई लापरवाही का खामियाजा अक्सर बस में सफर कर रहे यात्रियों को भुगतना पड़ता है।