यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर बवाल! टोलकर्मी से बूथ में घुसकर मारपीट, 20-25 वाहन बिना टोल दिए निकले; वीडियो वायरल

0 24

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा 141 पर टोलकर्मी के साथ मारपीट और जबरन वाहन निकालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत के मुताबिक, काले रंग की कार सवारों ने बिना टोल दिए वाहन निकालने की कोशिश की। टोलकर्मी ने रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और बूथ की खिड़की नहीं खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

घटना बलदेव-आगरा मार्ग स्थित टोल प्लाजा के बूथ नंबर 141 के पास की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 24-25 सितंबर की रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुई।

बूथ क्षतिग्रस्त होने से 50 हजार रुपये के नुकसान का दावा

पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, आरोप है कि मारपीट के दौरान टोल बूथ को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इसके बाद करीब 20 से 25 वाहन बिना टोल दिए वहां से निकल गए। शिकायत में इससे लगभग 50 हजार रुपये के राजस्व नुकसान का दावा किया गया है।

पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। टोल प्लाजा के अधिकृत प्रतिनिधि उदयवीर कुमार झा, निवासी खंदौली, ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो और CCTV फुटेज से पहचान की कोशिश

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा में भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा की इस घटना से पहले ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर भी मारपीट और जबरन वाहन निकालने का मामला सामने आया था। 10 जून की रात वहां दबंगों ने बिना टोल दिए करीब एक दर्जन वाहनों को निकाल दिया था। इस दौरान टोल प्लाजा के बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगा था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.