यूट्यूबर हुदा जरीवाला गिरफ्तार, मस्जिद ध्वस्तीकरण पर CM योगी को लेकर टिप्पणी का आरोप; शांतिभंग में भेजी गईं जेल
सहारनपुर: कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सामाजिक कार्यकर्ता और यूट्यूबर हुदा जरीवाला को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सदर बाजार पुलिस ने उन्हें शांतिभंग के आरोप में चालान कर जेल भेज दिया। उनके खिलाफ अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
हुदा जरीवाला सोमवार को सहारनपुर सर्किट हाउस पहुंची थीं। दिल्ली में दो महिला पत्रकारों की पिटाई के बाद अपने बयानों और तेवरों को लेकर चर्चा में आईं हुदा खुद को सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और यूट्यूबर बताती हैं। सर्किट हाउस में सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई।
महिला पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया तो हाथ लगाए जाने को लेकर हुदा भड़क गईं। इस दौरान मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सहारनपुर के जिलाधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करती नजर आ रही हैं।
मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर बयानबाजी के बाद बढ़ा विवाद
वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। हुदा जरीवाला ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर भी बयान दिए थे। इसके बाद एक अधिवक्ता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले को संवेदनशील बताते हुए इसे शांति व्यवस्था के लिए खतरा बताया।
पुलिस ने तहरीर और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर हुदा जरीवाला को हिरासत में लिया। इसके बाद शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
वीडियो और टिप्पणी की पुलिस कर रही जांच
एसएसपी अभिनंदन सिंह के अनुसार दुष्यंत सिंह की तहरीर के आधार पर हुदा जरीवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और उसमें की गई टिप्पणियों की जांच की जा रही है। हुदा जरीवाला को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर
कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद सहारनपुर पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी और बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों ने आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया मंचों पर लगातार नजर रख रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी पोस्ट, वीडियो या संदेश के जरिए अफवाह फैलाने या लोगों को भड़काने की कोशिश सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील माहौल को देखते हुए सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी और सख्त कर दी गई है।