यूपी चुनाव से पहले बसपा ने तेज की तैयारी, 6 दिसंबर को लखनऊ में जुटेगी बड़ी भीड़

0 19

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सामाजिक समीकरणों को साधने और प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर 6 दिसंबर को लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी है।

बसपा की योजना सर्वसमाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की है। पार्टी की शुरुआती रणनीति से संकेत मिल रहे हैं कि वह एक बार फिर ब्राह्मण, मुस्लिम और दलित समीकरण को प्राथमिकता दे सकती है। इसके साथ ही अन्य वर्गों को भी संगठन और चुनावी रणनीति में जगह देने की कोशिश की जा रही है।

नौ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान नौ सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का एलान किया। टिकट वितरण में पार्टी ने सवर्ण, ओबीसी, दलित और मुस्लिम वर्गों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया है।

100 से अधिक सीटों पर चुनावी तैयारी

बसपा अब तक 100 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की तैनाती कर चुकी है। इन प्रभारियों को संभावित प्रत्याशियों के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की जाए।

पिछले चुनाव में सबसे कमजोर प्रदर्शन

बसपा के सामने आगामी चुनाव में अपना पुराना जनाधार वापस पाने की बड़ी चुनौती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज 12.88 प्रतिशत वोट मिले थे और वह केवल एक सीट जीत सकी थी। 2007 से 2012 तक उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं मायावती के नेतृत्व वाली पार्टी अब नए सामाजिक समीकरणों और चुनावी रणनीति के जरिए वापसी की कोशिश में जुटी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.