यूपी चुनाव से पहले BJP की बढ़ी मुश्किलें! सहयोगी दलों ने मांगी 30-40 सीटें, कैसे सधेगा गठबंधन का गणित?

0 21

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के सामने अब सीट बंटवारे की चुनौती खड़ी होने लगी है। एक तरफ पार्टी के भीतर टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ रही है, तो दूसरी ओर गठबंधन में शामिल सहयोगी दल भी ज्यादा सीटों के लिए दबाव बना रहे हैं। निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), अपना दल (एस) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अपनी चुनावी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग रखी है। ऐसे में भाजपा के लिए सहयोगियों को संतुष्ट करने के साथ अपने नेताओं और मौजूदा विधायकों के राजनीतिक हितों को साधना आसान नहीं होगा।

23 नवंबर को लखनऊ में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे का मुद्दा चर्चा में रहा। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। वहीं, सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी मुलाकात के लिए समय मांगा है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाला अपना दल (एस) और जयंत चौधरी की अगुआई वाला रालोद भी गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के पक्ष में है।

सहयोगियों को नाराज किए बिना भाजपा कैसे निकालेगी रास्ता?

भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती गठबंधन के सहयोगियों की मांगों और अपने संगठन के नेताओं की उम्मीदों के बीच संतुलन बनाने की है। पार्टी किसी भी सहयोगी दल को नाराज नहीं करना चाहती, लेकिन अपने मौजूदा विधायकों और टिकट के दावेदारों को भी नजरअंदाज करना उसके लिए आसान नहीं होगा।

इसी चुनौती से निपटने के लिए ‘सिंबल हमारा, प्रत्याशी आपका’ जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत सहयोगी दल अपने पसंदीदा उम्मीदवार उतार सकते हैं, जबकि चुनाव भाजपा के चुनाव चिह्न पर लड़ा जा सकता है। हालांकि, सीटों की संख्या और उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम सहमति बनना अभी बाकी है।

2022 के चुनाव का सीट बंटवारा बना नई चुनौती

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 376 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। अपना दल (एस) को 17 और निषाद पार्टी को 10 सीटें दी गई थीं। दूसरी ओर, उस समय समाजवादी पार्टी के गठबंधन में शामिल रालोद ने 33 और सुभासपा ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

अब बदले राजनीतिक समीकरणों में रालोद और सुभासपा भी भाजपा के साथ हैं। ऐसे में इन दलों को अधिक सीटें देने का मतलब भाजपा के अपने उम्मीदवारों के लिए चुनावी मैदान में जगह कम होना है। गठबंधन में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मांगों को भी शामिल किया जाए तो सीटों का हिसाब और पेचीदा हो सकता है।

आरक्षण के मुद्दे पर सहयोगियों के अलग-अलग दबाव

सीटों की मांग के साथ सहयोगी दल अपने राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर दबाव बनाए हुए हैं। संजय निषाद आरक्षण के सवाल पर लगातार अपनी बात उठा रहे हैं। वह कई बार संकेत दे चुके हैं कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में दूसरे राजनीतिक विकल्पों पर विचार करना पड़ सकता है।

इसी तरह ओमप्रकाश राजभर पिछड़ी जातियों के आरक्षण का मुद्दा उठाते रहे हैं और अपनी पार्टी के लिए ज्यादा सीटों की मांग भी कर चुके हैं। वहीं, लखनऊ में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में अनुप्रिया पटेल ने भी एनडीए में अपना दल (एस) की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था।

चार विधानसभा सीटों पर दो सहयोगियों की दावेदारी

सीट बंटवारे की मुश्किल उन क्षेत्रों में और बढ़ सकती है, जहां एक से अधिक सहयोगी दल अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। आजमगढ़ की अतरौलिया और दीदारगंज, गोरखपुर की चौरीचौरा तथा जौनपुर की शाहगंज विधानसभा सीटों पर निषाद पार्टी और सुभासपा दोनों की नजर है। इन सीटों पर एक ही गठबंधन के दो दलों के दावे भाजपा के लिए सहमति बनाने की चुनौती खड़ी कर रहे हैं।

पिछले चुनाव में सहयोगियों का प्रदर्शन भी बनेगा आधार

2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो अपना दल (एस) ने 17 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उसका जीत का प्रतिशत करीब 70 रहा। निषाद पार्टी ने 10 में से छह सीटें जीतकर 60 प्रतिशत सफलता हासिल की थी।

वहीं, सुभासपा ने 19 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं, जबकि रालोद को 33 में से आठ सीटों पर सफलता मिली थी। इस लिहाज से सुभासपा का जीत प्रतिशत करीब 32 और रालोद का लगभग 24 रहा था।

30 से 40 सीटों तक पहुंची सहयोगियों की मांग

सूत्रों के मुताबिक, निषाद पार्टी, सुभासपा, रालोद और अपना दल (एस) अलग-अलग राजनीतिक और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर 30 से 40 सीटों तक की मांग कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रालोद और सुभासपा के भाजपा गठबंधन में आने से उनके लिए सीटों की संख्या बढ़ाना आसान नहीं होगा, लेकिन गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने से कई क्षेत्रों में उनकी जीत की संभावनाओं को मजबूती मिल सकती है।

इस पूरे विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सभी सहयोगी दलों के साथ सम्मानजनक माहौल में बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि बातचीत के जरिए ऐसा फार्मूला निकाल लिया जाएगा, जिस पर सभी की सहमति बनेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.