यूपी में दो दिन और सताएगी तेज धूप-उमस, फिर बदलेगा मौसम; 15 सितंबर तक बारिश के आसार

0 24

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद अब तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने के आसार हैं। इस दौरान गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है। हालांकि, इसके बाद एक बार फिर आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।

बुधवार को भी सुबह से आसमान साफ रहा और धूप निकली। दोपहर तक तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई। बारिश से वातावरण में आई नमी का असर कम होने लगा। हालांकि, बीच-बीच में आसमान में बादल भी दिखाई दिए। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार के अनुसार अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा और धूप बनी रहेगी। इसके बाद फिर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

कई इलाकों में झमाझम बारिश, कई जगह फुहारें

बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई तो कई जगह हल्की फुहारें पड़ीं। बारिश के कारण कई इलाकों और सड़कों पर कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति भी बनी। कुल 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजर रही मानसून द्रोणिका और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। थंडर स्टॉर्म के चलते बादलों की सक्रियता बनी हुई है। यह स्थिति एक-दो दिन के अंतराल के साथ अगले रविवार तक बने रहने की संभावना है।

बुधवार को सूर्योदय बादलों के बीच हुआ। सुबह करीब आठ से 10 बजे तक धूप निकली। इसके बाद मौसम ने करवट ली और बादल छाने के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक बारिश हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने गुरुवार को भी बारिश की संभावना जताई है।

15 सितंबर तक बादल और बारिश का दौर

मानसून की विदाई से पहले मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 सितंबर तक मौसम में बदलाव जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बीच-बीच में धूप निकल सकती है। इसे मानसून की इस सीजन की आखिरी बारिश माना जा रहा है। इसके बाद मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से 25 सितंबर तक मानसून के विदा होने की उम्मीद है। अगले सप्ताह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह, शाम और रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 15 सितंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसमी गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार 17 सितंबर से राजस्थान से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.