यूपी में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 5.59 लाख आवेदन, दो दिन चला विशेष अभियान

0 26

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में 5,59,178 लोगों ने फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया। प्रदेश के करीब 1.77 लाख मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए, जहां पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 उपलब्ध कराने के साथ उनके आवेदन भी जमा किए गए। 17 और 24 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान में दूसरे दिन पहले के मुकाबले कहीं अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

24 अक्टूबर को आए चार लाख से ज्यादा आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, 17 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 1,37,225 आवेदन मिले थे। वहीं, 24 अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 4,21,953 पहुंच गई। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 5,59,178 लोगों ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा।

विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की गई। वहीं, गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा है।

वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर उपलब्ध मतदाता सूची देखी जा सकती है। यदि सूची में नाम नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है।

मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में गलती होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है। मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जानकारी और आवेदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, पोर्टल और ECINET ऐप पर उपलब्ध ‘Book A Call With BLO’ सेवा के जरिए अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से फोन पर संपर्क कर जानकारी ली जा सकती है।

सुल्तानपुर में 26 नाम हटाने के मामले में मुकदमा

इस बीच, सुल्तानपुर में मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने के मामले में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर करीब आठ महीने बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मामला अर्जुनपुर गांव के बूथ संख्या 96 से जुड़ा है और फरवरी में सामने आया था। सपा के पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने इस मामले को उजागर किया था। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेसवार्ता कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। अर्जुनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर प्रथम की मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरे गए थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.