यूपी में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, होली पर 4 और दिवाली पर मिलेगी 3 दिन की छुट्टी; तीन नए सार्वजनिक अवकाश

0 28
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव वाले साल 2027 में सरकारी कर्मचारियों को छुट्टियों की सौगात मिली है। योगी सरकार ने मंगलवार को अगले साल का सार्वजनिक अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया। इसमें तीन नए सार्वजनिक अवकाश शामिल किए गए हैं। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले सरकारी कार्यालयों में होली पर लगातार चार दिन और दिवाली पर तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। सरकार ने मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को भी सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया है। पहले ये तीनों निर्बंधित अवकाश की श्रेणी में थे।

कैलेंडर के मुताबिक, होलिका दहन 22 मार्च 2027, सोमवार को होगा और रंगों की होली 23 मार्च, मंगलवार को खेली जाएगी। ऐसे में पांच दिन के कार्य सप्ताह वाले कार्यालयों में शनिवार से मंगलवार तक लगातार चार दिन छुट्टी रहेगी।

वहीं, दीपावली 29 अक्टूबर, शुक्रवार को है और गोवर्धन पूजा 30 अक्टूबर, शनिवार को पड़ेगी। रविवार को मिलाकर कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा।

सरकारी कर्मचारियों को अगले साल कुल 26 सार्वजनिक अवकाश, 27 निर्बंधित अवकाश और कार्यकारी आदेशों के तहत दो छुट्टियां मिलेंगी। हालांकि, सार्वजनिक अवकाशों में से चार रविवार और छह शनिवार को पड़ रहे हैं। इस वजह से कर्मचारियों को कुछ छुट्टियों का अतिरिक्त लाभ नहीं मिल सकेगा।

शनिवार और रविवार को पड़ रहे कई त्योहार

2027 में कई प्रमुख त्योहार और राष्ट्रीय अवसर शनिवार या रविवार को पड़ रहे हैं। संत रविदास जयंती 20 फरवरी, महाशिवरात्रि 6 मार्च, महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर, विजयदशमी 9 अक्टूबर, गोवर्धन पूजा 30 अक्टूबर और क्रिसमस 25 दिसंबर को शनिवार है।

वहीं, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त, भैयादूज 31 अक्टूबर, गुरु नानक जयंती 14 नवंबर और हजरत अली का जन्म दिवस 12 दिसंबर को रविवार पड़ रहा है।

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले दफ्तरों के लिए अलग नियम

सरकार की ओर से जारी कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि विभागाध्यक्ष कार्यालयों और उन अन्य विभागों में, जहां पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित अवकाश और जिलाधिकारियों की ओर से घोषित स्थानीय अवकाश लागू नहीं होंगे।

कार्यकारी आदेशों के तहत 15 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जयंती और 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर भी छुट्टी रहेगी। हालांकि, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालयों में ये अवकाश लागू नहीं होंगे।

इसके अलावा, 1 अप्रैल 2027 को वार्षिक लेखाबंदी के कारण केवल बैंक, कोषागार और उपकोषागार बंद रहेंगे। जिलाधिकारी अपने स्तर से तीन सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सकेंगे।

मकर संक्रांति, रविदास और वाल्मीकि जयंती पर भी छुट्टी

सरकार ने मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को निर्बंधित अवकाश से हटाकर सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया है। इन अवसरों पर सार्वजनिक छुट्टी घोषित किए जाने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

मकर संक्रांति का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। वहीं, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसरों पर खासतौर पर दलित समाज में व्यापक आस्था और आयोजन देखने को मिलते हैं।

2027 में प्रमुख सार्वजनिक अवकाशों की सूची

महीना तारीख और दिन त्योहार या अवसर
जनवरी 14 जनवरी, गुरुवार मकर संक्रांति
जनवरी 26 जनवरी, मंगलवार गणतंत्र दिवस
फरवरी 20 फरवरी, शनिवार संत रविदास जयंती
मार्च 6 मार्च, शनिवार महाशिवरात्रि
मार्च 10 मार्च, बुधवार ईद-उल-फितर (चांद के अनुसार)
मार्च 22 मार्च, सोमवार होलिका दहन
मार्च 23 मार्च, मंगलवार होली
मार्च 26 मार्च, शुक्रवार गुड फ्राइडे
अप्रैल 14 अप्रैल, बुधवार डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती
अप्रैल 15 अप्रैल, गुरुवार रामनवमी (संभावित)
अप्रैल 19 अप्रैल, सोमवार महावीर जयंती (संभावित)
मई 17 मई, सोमवार ईदुज्जुहा (बकरीद)
मई 20 मई, गुरुवार बुद्ध पूर्णिमा
जून 16 जून, बुधवार मोहर्रम
अगस्त 15 अगस्त, रविवार स्वतंत्रता दिवस एवं ईद-ए-मिलाद (बारावफात)
अगस्त 17 अगस्त, मंगलवार रक्षाबंधन
अगस्त 24 अगस्त, मंगलवार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
अक्टूबर 2 अक्टूबर, शनिवार महात्मा गांधी जयंती
अक्टूबर 9 अक्टूबर, शनिवार विजयदशमी (दशहरा)
अक्टूबर 15 अक्टूबर, शुक्रवार महर्षि वाल्मीकि जयंती
अक्टूबर 29 अक्टूबर, शुक्रवार दीपावली
अक्टूबर 30 अक्टूबर, शनिवार गोवर्धन पूजा
अक्टूबर 31 अक्टूबर, रविवार भैयादूज
नवंबर 14 नवंबर, रविवार गुरु नानक जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा
दिसंबर 12 दिसंबर, रविवार हजरत अली का जन्म दिवस
दिसंबर 25 दिसंबर, शनिवार क्रिसमस डे

प्रमुख निर्बंधित अवकाश

सरकार ने 2027 के लिए 27 निर्बंधित अवकाश भी घोषित किए हैं। इनमें प्रमुख अवसर शामिल हैं:

  • 1 जनवरी – नववर्ष दिवस
  • 24 जनवरी – शब-ए-बरात और जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती
  • 11 फरवरी – बसंत पंचमी
  • 5 मार्च – जमात-उल-विदा
  • 8 मई – परशुराम जयंती
  • 9 मई – महाराणा प्रताप जयंती
  • 25 जुलाई – हरितालिका तीज
  • 17 सितंबर – विश्वकर्मा पूजा
  • 4 नवंबर – छठ पूजा
  • 16 नवंबर – वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस
  • 23 दिसंबर – चौधरी चरण सिंह जन्म दिवस

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.