अयोध्या: राम मंदिर में रामलला की दैनिक सेवा, पूजन और भोग-प्रसाद के लिए अब परिसर में ही देशी गाय का शुद्ध दूध, दही और घी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में गोसदन बनाने का फैसला किया है। ‘श्रीराम निवास’ के पास इसके लिए जगह चिह्नित कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। गोवंश की देखभाल के लिए यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
गोसदन की शुरुआत भारतीय नस्ल की आठ से दस गायों के साथ होगी। यहां केवल देशी नस्ल की गायों का पालन और संवर्धन किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक भविष्य में इसका विस्तार भी किया जा सकेगा। ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य भारतीय गोवंश का संरक्षण करने के साथ रामलला की सेवा में शुद्ध देशी गो-उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। मंदिर की धार्मिक परंपराओं के अनुरूप परिसर में गोमाता की मांगलिक उपस्थिति भी बनी रहेगी।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ गोपूजन
गोसदन की स्थापना के अवसर पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मंदिर परिसर की यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठान किया गया। धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इन्द्रदेव मिश्र के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से प्रतीकात्मक गोपूजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर निर्मोही अखाड़े के न्यासी स्वामी दिनेंद्र दास, ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र, सचिव जगदीश आफले, अर्चक प्रमुख केशव शर्मा और धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इन्द्रदेव मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
रामलला के दर्शन का समय एक घंटा बढ़ा
कार्तिक मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय भी बढ़ा दिया है। अब श्रद्धालु रात 10 बजे के बजाय 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था 18 से 22 नवंबर तक लागू रहेगी।
न्यास के फैसले के मुताबिक, रात 8:45 बजे भोग और सायं आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे। आरती के बाद रात 9:30 बजे से श्रद्धालुओं को दोबारा प्रवेश दिया जाएगा। यह सिलसिला रात 11 बजे तक चलेगा।
न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने दर्शन समय में बदलाव की जानकारी प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को दे दी है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था सुचारू रखी जा सके।
14 कोसी परिक्रमा के चलते बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इनमें बड़ी संख्या में भक्त रामलला के दर्शन भी करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यास ने दर्शन का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन मिल सकें।
14 कोसी परिक्रमा 17 और 18 नवंबर की मध्यरात्रि के बाद बुधवार तड़के 1:20 बजे शुरू होगी। इसका समापन 20 नवंबर को शुक्रवार तड़के 2:55 बजे होगा। परिक्रमा के दौरान चार दिनों तक राम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।