लंदन में भारतीय रेस्तरां के बाहर सैकड़ों लोगों का हंगामा! हलाल मीट नहीं बेचने पर भड़के प्रदर्शनकारी, सिख मालिक गिरफ्तार; परिवार को मिली धमकियां
लंदन: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में एक भारतीय रेस्तरां के बाहर हलाल मीट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। रेस्तरां के मालिक ने हलाल मीट बेचने से इनकार किया तो शुक्रवार रात सैकड़ों प्रदर्शनकारी प्रतिष्ठान के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को भारी संख्या में अधिकारियों की तैनाती करनी पड़ी। रेस्तरां के सिख मालिक हरमन सिंह कपूर ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने कारोबार और परिवार की सुरक्षा के लिए पहले भी पुलिस से मदद मांगी थी।
‘हमें गर्व है कि हम हलाल नहीं बेचते’, बोर्ड से शुरू हुआ विवाद
यह मामला लंदन के हैमरस्मिथ इलाके में स्थित सिंह्स डाइनिंग रेस्तरां का है। इस प्रतिष्ठान को पहले रंगरेज के नाम से जाना जाता था। रेस्तरां के बाहर एक बोर्ड लगाया गया था, जिस पर मार्कर से लिखा था, ‘हमें गर्व है कि हम हलाल नहीं बेचते।’ इसी संदेश के बाद विवाद शुरू हुआ और हलाल मीट नहीं बेचने के फैसले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
13 नवंबर की रात सैकड़ों लोग रेस्तरां के बाहर जुटे
13 नवंबर की शाम फुलहम पैलेस रोड स्थित रेस्तरां के बाहर धीरे-धीरे भीड़ जमा होने लगी। कुछ ही समय में वहां सैकड़ों लोग पहुंच गए। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया।
पुलिस अधिकारियों ने रेस्तरां के सामने सुरक्षा घेरा बनाया और प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका। इसके अलावा निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान रेस्तरां को नुकसान पहुंचने या हिंसा होने की कोई घटना सामने नहीं आई।
मालिक हरमन सिंह कपूर गिरफ्तार, पुलिस हिरासत से साझा किया वीडियो
इस विवाद के बीच रेस्तरां के मालिक हरमन सिंह कपूर की गिरफ्तारी का मामला भी सामने आया। कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिस अधिकारी उन्हें पुलिस वैन में ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें सुबह उनके घर से गिरफ्तार किया गया। कपूर के मुताबिक, उन्होंने पिछले कई दिनों से मेट्रोपॉलिटन पुलिस से अपने परिवार और कारोबार की सुरक्षा के लिए सहायता मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पति की गिरफ्तारी के बाद पत्नी को अकेले करना पड़ा भीड़ का सामना
हरमन सिंह कपूर की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी खुशी को रेस्तरां के बाहर अकेले भीड़ का सामना करना पड़ा। सामने आई एक तस्वीर में वह ब्रिटिश अभिनेता जॉन क्लीज के प्रति आभार जताने वाला बोर्ड पकड़े दिखाई दीं।
बताया गया कि रेस्तरां की सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षाकर्मी जॉन क्लीज की ओर से उपलब्ध कराए गए थे। इससे पहले भी अभिनेता ने इस रेस्तरां और उसके मालिक के समर्थन में आवाज उठाई थी।
ब्रिटेन में चर्चा का विषय बना मामला
हलाल मीट नहीं बेचने के फैसले से शुरू हुआ यह विवाद अब ब्रिटेन में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर रेस्तरां के बाहर प्रदर्शन और पुलिस की तैनाती हुई, तो दूसरी ओर मालिक की गिरफ्तारी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।