सहारनपुर: हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनी कुंड बैराज में सेना के अभ्यास के दौरान नाव पलटने के बाद लापता हुए जवान का शव उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में नदी से बरामद किया गया है। बुधवार को हुए हादसे के बाद से जवान की तलाश में लगातार अभियान चलाया जा रहा था। गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान जवान का शव बरथा गांव के पास नदी से मिला।
12 किलोमीटर दूर मिला जवान का शव
हथिनी कुंड बैराज हादसे में लापता जवान की तलाश अब खत्म हो गई है। जानकारी के मुताबिक, जवान का शव हथिनी कुंड बैराज से करीब 12 किलोमीटर दूर सहारनपुर क्षेत्र में नदी से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सेना ने जवान के शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
परिवार को थी जवान के सुरक्षित लौटने की उम्मीद
हादसे के बाद जवान के परिवार को उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद थी और लगातार उसकी सलामती की दुआ की जा रही थी। लेकिन तलाश अभियान के दौरान जवान का शव बरामद होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अभ्यास के दौरान कैसे हुआ था हादसा?
हादसा मंगलवार शाम हरियाणा के यमुनानगर में हथिनी कुंड बैराज के पास हुआ था। यहां सेना की वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी के डेंजर जोन में चली गई। तेज बहाव के बीच नाव पानी के बहाव में फंस गई और बैराज के नीचे की ओर बहने लगी।
तेज धारा के कारण मोटर बोट हादसे का शिकार होकर नदी में डूब गई। इस दौरान कुछ जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन एक जवान तेज बहाव में लापता हो गया था।
सेना, वायुसेना और प्रशासन ने चलाया था अभियान
जवान के लापता होने के बाद उसकी तलाश के लिए सेना, वायुसेना, स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया था। लगातार तलाशी के बाद जवान का शव उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बरामद किया गया।