‘अखिलेश नाक रगड़ें और मुरली वाले का मंदिर बनवाने में मदद का वादा करें’, ब्रजेश पाठक की सपा प्रमुख को चुनौती
कानपुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। कानपुर में आयोजित जागरण विमर्श कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या जाएं और कारसेवकों पर गोली चलवाने के मामले में रामलला और जनता से माफी मांगें। पाठक ने कहा कि उन्हें प्रभु के चरणों में नाक रगड़कर यह भी कहना चाहिए कि वे मुरली वाले का मंदिर बनाने में सहयोग करेंगे। तभी जनता शायद उन्हें माफ करे।
गुरुवार को आर्य नगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उद्यम, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के कानपुर और आज के कानपुर के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है।
सनातन संस्कृति और मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सनातन संस्कृति का संदेश पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में पहले होने वाले रोजा-इफ्तार और अब बेटियों के पांव पूजने की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक बदलाव आया है।
उन्होंने दावा किया कि पहले युवा 31 दिसंबर को गोवा जाते थे, जबकि अब काशी और अयोध्या की ओर रुख कर रहे हैं। पाठक ने विंध्यवासिनी कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया।
उन्होंने कहा कि मुरली वाले भी अपना भव्य मंदिर चाहते हैं और भाजपा सरकार इसके लिए तैयार है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रही है, जबकि उसने वोट की राजनीति के चलते राम के उत्तर प्रदेश में जन्म लेने पर ही सवाल उठाया था।
सपा सरकार पर गुंडागर्दी और अपराध को लेकर हमला
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में अब गुंडे और माफिया या तो भाग चुके हैं या उनके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में दंगों का दौर खत्म हो गया है। पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गली-मोहल्लों में गुंडों का दबदबा था और माफिया हथियारों के साथ खुलेआम घूमते थे।
पाठक ने कहा कि पहले हत्या, लूट, दुष्कर्म और डकैती की घटनाएं आम थीं। उनके मुताबिक, उस दौर में महिलाएं और बेटियां शाम के समय घर से बाहर निकलने में डरती थीं। उन्होंने 2012 से 2017 के बीच प्रकाशित दैनिक जागरण की खबरों के रिकॉर्ड देखने की बात भी कही।
एक्सप्रेसवे, बिजली और विकास कार्यों का गिनाया हिसाब
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले प्रदेश की सड़कें जर्जर थीं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे बनाने वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 75 प्रतिशत सड़कें टू-लेन हो चुकी हैं।
उन्होंने बिजली आपूर्ति को लेकर भी पिछली सरकार पर निशाना साधा। पाठक के अनुसार, पहले बिजली सैफई और रामपुर जैसे चुनिंदा इलाकों तक सीमित रहती थी, जबकि अब 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नकल माफिया पर भी लगाम लगाई है।
आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने जब कानपुर की बेटी का सिंदूर उजाड़ा तो जवाबी कार्रवाई में लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल से आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।
पीडीए और जातीय राजनीति पर भी साधा निशाना
सपा पर चुनाव नजदीक आते ही पीडीए और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पाठक ने अखिलेश यादव से उनके चार कार्यकाल का हिसाब मांगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा ने अपने शासन में ‘एक जिला-एक माफिया’ दिया, जबकि भाजपा सरकार ने ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी), ‘एक जिला-एक व्यंजन’ और ‘एक जिला-एक कला’ जैसी योजनाएं शुरू कीं।
उन्होंने प्रदेश में हवाई अड्डों के विस्तार और अन्य विकास कार्यों को भी सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया। पाठक ने कहा कि कानपुर की आवाज दुनिया तक पहुंचती है और यहां के लोग ठान लें तो जाति के नाम पर वोट मांगने वाले दलों को उनकी राजनीतिक हैसियत का एहसास करा सकते हैं।
जागरण विमर्श में छह अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इनमें कानपुर की दिशा और दशा, औद्योगिक विकास की संभावनाएं, शहर की जरूरतें और समाधान, शिक्षा के अवसर तथा एमएसएमई और कारोबार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।