ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर बड़ा एक्शन, सहारनपुर के सीओ सदर हटाए गए; सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कार्रवाई

0 26

सहारनपुर: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। सहारनपुर में ड्यूटी के दौरान हुई इस चूक के बाद सीओ सदर पवन कुमार को पद से हटाकर सीओ ट्रैफिक बना दिया गया है। वहीं, मामले से जुड़े वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को पत्र भेजा है।

21 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर सहारनपुर पहुंचे थे। दोनों नेता कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी से मिलने पहुंचे थे। इससे पहले ओवैसी सर्किट हाउस गए थे, जहां पुलिसकर्मी सुप्रीम कोर्ट के जज के आगमन की तैयारी के लिए तैनात थे।

इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई।

सीओ सदर पर गिरी कार्रवाई की गाज

सर्किट हाउस में पुलिस व्यवस्था संभाल रहे सीओ सदर पवन कुमार को कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। उन्हें सीओ सदर के पद से हटाकर सीओ ट्रैफिक की जिम्मेदारी दी गई है।

मामले की जांच एसपी देहात मयंक पाठक को सौंपी गई है। पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर दिया था।

19 वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए एक्स को भेजा पत्र

इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट को लेकर भी पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने एक्स कॉर्प को पत्र भेजकर 19 वीडियो और पोस्ट के लिंक साझा किए हैं और उन्हें हटाने का अनुरोध किया है।

पुलिस का कहना है कि इन पोस्ट के कारण विभाग की छवि प्रभावित हो रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी असर पड़ने की आशंका है। कार्रवाई के लिए आईटी एक्ट के प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है।

साइबर सेल कर रही मामले की जांच

मामले की जांच क्राइम ब्रांच के साइबर क्राइम सेल को दी गई है। सुरेंद्र कुमार को इस प्रकरण का विवेचक बनाया गया है।

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि गार्ड ऑफ ऑनर मामले की जांच जारी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए एक्स को पत्र भेजा गया है। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.