चीन के स्पेस मिशन में पाकिस्तान की ऐतिहासिक एंट्री, कौन हैं जीशान अली जो तियांगोंग स्टेशन पहुंचने वाले बने पहले विदेशी यात्री

0 16

बीजिंग: चीन ने अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में पहली बार किसी विदेशी यात्री को शामिल कर इतिहास रच दिया है। बुधवार को लॉन्च किए गए शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान के जरिए दो चीनी और एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को तियांगोंग स्पेस स्टेशन भेजा गया। पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली इस मिशन के साथ चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी नागरिक बन गए हैं।

शेनझोउ-24 यान ने उत्तर-पश्चिम चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट के जरिए उड़ान भरी। इसमें पाकिस्तान के 40 वर्षीय मोहम्मद जीशान अली के अलावा चीन के अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी शामिल हैं। लॉन्च के बाद यान सफलतापूर्वक अपनी निर्धारित कक्षा में पहुंच गया।

पहली बार चीन ने विदेशी अंतरिक्ष यात्री को भेजा

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी संयुक्त अंतरिक्ष मिशन में चीनी और विदेशी यात्री एक साथ शामिल हुए हैं। इस मिशन को चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते अंतरिक्ष सहयोग के तौर पर देखा जा रहा है।

इस मिशन के दौरान चालक दल 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण करेगा। जीशान अली तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर करीब 5 से 10 दिन तक रहेंगे, जहां वह वैज्ञानिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह शेनझोउ-23 यान के जरिए धरती पर वापस लौटेंगे।

कौन हैं मोहम्मद जीशान अली?

मोहम्मद जीशान अली पाकिस्तान वायु सेना के 40 वर्षीय विंग कमांडर और लड़ाकू विमान पायलट हैं। वह चीन के शेनझोउ-24 मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल हुए हैं। इस मिशन के साथ वह अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक और तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंचने वाले पहले विदेशी यात्री बन गए हैं।

अंतरिक्ष मिशन के लिए चयन के बाद जीशान अली ने चीन में कई महीनों तक कठिन प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्होंने चीनी भाषा, अंतरिक्ष यान की तकनीक, शून्य गुरुत्वाकर्षण में काम करने की प्रक्रिया और शारीरिक प्रशिक्षण हासिल किया।

मंदारिन भाषा में भी दिखाई पकड़

जीशान अली की खास तैयारी का अंदाजा उनकी चीनी भाषा पर पकड़ से भी लगाया जा सकता है। मिशन से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मंदारिन भाषा में बातचीत की और चीनी कविता की एक पंक्ति का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि यह मिशन उनके लिए रोजाना नई ऊंचाइयों को छूने जैसी ट्रेनिंग है। जीशान ने उम्मीद जताई कि चीन और पाकिस्तान के बीच अंतरिक्ष सहयोग भविष्य में एक यात्री तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई संयुक्त मिशनों तक पहुंचेगा।

पाकिस्तान ने चीन को दिया धन्यवाद

पाकिस्तान के योजना, विकास और विशेष पहल मंत्री अहसान इकबाल चौधरी ने लॉन्च सेंटर पर इस मिशन को दोनों देशों के सहयोग का नया अध्याय बताया। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का धन्यवाद किया।

वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी मिशन पर जाने से पहले अंतरिक्ष यात्रियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा था कि अंतरिक्ष की यात्रा में पाकिस्तान और चीन की दोस्ती नई ऊंचाइयों को छू रही है।

चीन का 2030 तक चंद्रमा पर मानव मिशन का लक्ष्य

चीन ने साल 2030 तक चंद्रमा पर मानव मिशन भेजने का लक्ष्य रखा है। अंतरिक्ष क्षेत्र में चीन को अमेरिका का प्रमुख प्रतिस्पर्धी माना जाता है। अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी 2028 में चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने की योजना पर काम कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.