नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश के बाद भी गर्मी का असर कम होता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को आसमान में आंशिक बादल जरूर छाए हुए हैं, लेकिन तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है।
आज कैसा रहेगा मौसम, जानें तापमान का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है। दिन के समय करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि आज बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
रविवार को भी राहत नहीं, बढ़ेगी गर्मी
रविवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। आंशिक बादलों के बीच अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी और दोपहर में इनकी रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
20 अप्रैल के बाद साफ होगा आसमान, तेजी से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 अप्रैल तक आंशिक बादल बने रहेंगे, लेकिन 20 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। इस दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
लू जैसे हालात बनने के आसार
निजी मौसम एजेंसी के अनुमान के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पहले आई आंधी-बारिश, जारी हुआ था ऑरेंज अलर्ट
इससे पहले शुक्रवार रात दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई थी। कई इलाकों में धूल भरी आंधी भी चली थी। मौसम विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।