नेपाल बाढ़ की दहशत के बीच बागपत से सूर्य बहादुर ने बेटी को किया फोन, पूछा- कैसी हो? जवाब मिला- पापा मैं अच्छी हूं
बागपत: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और सैलाब से मची तबाही ने वहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में काम कर रहे नेपाली नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। बागपत में रह रहे नेपाली प्रवासी लगातार अपने परिजनों से संपर्क कर उनकी सुरक्षा की जानकारी ले रहे हैं। शहर के एक नामचीन स्कूल में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करने वाले सूर्य बहादुर गुरु ने भी नेपाल में अपनी बेटी को फोन कर उसका हाल पूछा। बेटी ने जवाब दिया, पापा मैं अच्छी हूं। परिजनों की कुशलता की खबर मिलने के बाद सूर्य बहादुर ने राहत की सांस ली।
सूर्य बहादुर गुरु नेपाल के बर्दिया जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उनके अलावा नेपाल के कई अन्य लोग भी बागपत में अलग-अलग स्थानों पर काम करते हैं। उनके परिवार में पिता कर्ण बहादुर गुरु, पत्नी नंदा गुरु, बेटा मनीष गुरु और बेटी कीर्ति गुरु हैं। नेपाल में आई आपदा की खबर के बाद वह लगातार परिवार और परिचितों के संपर्क में बने हुए हैं।
काठमांडू में बेटी कर रही सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी
सूर्य बहादुर की बेटी कीर्ति काठमांडू में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है। बाढ़ की खबर मिलने के बाद उन्होंने मोबाइल फोन से बेटी से संपर्क किया और उसकी सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। बेटी ने खुद को सुरक्षित बताते हुए कहा कि वह अच्छी है। परिवार के दूसरे सदस्य भी सुरक्षित हैं। सूर्य बहादुर ने बताया कि उनके गृह जिले से करीब 350 किलोमीटर दूर बाढ़ से तबाही हुई है और उनके स्वजन या रिश्तेदार प्रभावित क्षेत्र में नहीं रहते हैं।
अन्य नेपाली प्रवासी भी लगातार ले रहे परिजनों का हाल
बागपत में काम करने वाले अन्य नेपाली नागरिक भी नेपाल में रह रहे अपने स्वजन से लगातार संपर्क कर रहे हैं। आपदा से जुड़ी जानकारियां उन्हें इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मिल रही हैं। बाढ़ की खबरों के बीच परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना इन प्रवासियों की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।
बागपत में खुफिया तंत्र भी सक्रिय
नेपाल में आई आपदा को देखते हुए बागपत में खुफिया तंत्र भी सक्रिय है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के अनुसार 178 लोगों की सूची में बागपत का कोई व्यक्ति शामिल नहीं है। इससे फिलहाल जिले के लोगों के नेपाल की इस आपदा में प्रभावित होने की जानकारी सामने नहीं आई है।