नोएडा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में सख्ती, सफाई से अवैध निर्माण तक अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

0 24

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 22 सितंबर 2026 को समीक्षा बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण उन्मूलन, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण और निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में दोनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, विशेष कार्याधिकारियों, महाप्रबंधकों समेत विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत-यांत्रिक खंड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण में मिली कमियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बैठक से पहले अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों की समीक्षा करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

सेक्टर-19 के बी-ब्लॉक शनि बाजार के खाली भूखंड में बने पार्क में हॉर्टिकल्चर वेस्ट पड़ा मिला। इसे तत्काल साफ कराने और संबंधित उद्यान कार्य की संविदाकार संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-19 के अन्य पार्कों में भी गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक और सहायक निदेशक उद्यान का एक दिन का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। संबंधित उद्यान सुपरवाइजर की सेवा समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।

15 अक्टूबर तक सभी सार्वजनिक शौचालय दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान कई शौचालयों में अनुरक्षण और सफाई व्यवस्था की कमी सामने आई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 15 अक्टूबर 2026 तक सभी शौचालयों को सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। संबंधित वर्क सर्किल के प्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक को इसकी प्रमाणिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्धारित समय तक शौचालयों का संचालन सुनिश्चित नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निठारी रोड पर कूड़ा मिलने पर 5 लाख रुपये का जुर्माना

निठारी रोड पर ग्राम निठारी के सामने सेंट्रल वर्ज में कूड़ा जमा मिला। इस पर संबंधित संस्था पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। ग्राम निठारी में गंदगी पाए जाने के मामले में संबंधित उद्यान निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

सेक्टर-145 में क्षतिग्रस्त मार्ग को प्राथमिकता से ठीक कराने के निर्देश

सेक्टर-145 में डंप साइट की ओर जाने वाला पुस्ता मार्ग अत्यधिक क्षतिग्रस्त पाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए।

सेक्टर-43 में कूड़ा मिलने पर एजेंसी पर कार्रवाई

सेक्टर-43 में गोदरेज सोसाइटी के पास डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एजेंसी के कॉम्पैक्टर प्वाइंट के आसपास बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा मिला। मामले में संबंधित एजेंसी पर जुर्माना लगाने के साथ नियमित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक सप्ताह का वेतन काटने और नियमित सफाई सुपरवाइजर का एक महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

बरौला में अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण के निर्देश

ग्राम बरौला में निरीक्षण के दौरान अवैध निर्माण होता पाया गया। संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि इस अतिक्रमण के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और धारा-10 का नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने उच्च प्राथमिकता के आधार पर अवैध निर्माण को रोकते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित अवर अभियंता और संविदा सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश भी दिए गए।

20 अक्टूबर तक सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग पूरी करने का आदेश

बारिश के दौरान नोएडा के कई इलाकों में सड़कें अत्यधिक क्षतिग्रस्त हुई हैं। समीक्षा बैठक में प्रत्येक वर्क सर्किल के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। काम लंबित मिलने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समयसीमा के भीतर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।

सेक्टर-27 में गंदगी मिलने पर स्वास्थ्य निरीक्षक पर कार्रवाई

सेक्टर-27 में गंदगी पाए जाने के मामले में संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

मुख्य मार्गों पर कूड़ा न उठने पर एजेंसी पर 25 लाख का जुर्माना

शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर जीवीपी प्वाइंट बनने और समय से कूड़ा नहीं उठने की स्थिति को गंभीरता से लिया गया। इसके लिए डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी मैसर्स एजी एनवायरो पर 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

सलारपुर के पास क्षतिग्रस्त पुस्ता मार्ग को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

ग्राम सलारपुर के पीछे एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे स्थित पुस्ता मार्ग बेहद खराब हालत में पाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इसकी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए।

सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक सड़क की मरम्मत के आदेश

सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक एमपी-3 मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त मिली। अधिकारियों को इस मार्ग की उच्च प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

सेक्टर-121 में कबाड़ियों द्वारा जमा कूड़े पर विशेष अभियान

सेक्टर-121 के सामने हिंडन पुस्ता मार्ग पर कबाड़ियों द्वारा बड़ी मात्रा में कूड़ा और कबाड़ जमा किया गया था। इसे देखते हुए विशेष अभियान चलाकर कूड़ा-कबाड़ हटाने और कूड़ा फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एमपी-3 मार्ग से अवैध वेंडरों को हटाने के लिए एक महीने का अभियान

एमपी-3 मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर अनधिकृत वेंडरों की समस्या सामने आने के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वर्क सर्किलों को अगले एक महीने में अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान अवैध वेंडिंग जोन को चिह्नित कर अनधिकृत वेंडरों को हटाने और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया। एक महीने की अवधि पूरी होने के बाद किसी क्षेत्र में अवैध वेंडर पाए जाने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक की जिम्मेदारी तय करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण रोकने के निर्देश

सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण होता पाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इसे तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित अवर अभियंता और सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश भी जारी किए गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.