गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-01 का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। लोगों ने सेक्टर के दोनों ओर बाउंड्री वॉल नहीं होने, सीवर ओवरफ्लो, सड़कों पर गड्ढे, जलापूर्ति, ई-ब्लॉक की खराब ट्यूबवेल और सी-ब्लॉक पार्क की बाउंड्री वॉल समेत कई समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं।
मौके पर समस्याओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निरीक्षण किया और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, वन विभाग तथा हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से दूर करने के निर्देश दिए, ताकि सेक्टरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
सीवर और पेयजल व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सीवर एवं जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति के दौरान सीवर और वाटर सप्लाई की लाइनें आपस में कनेक्ट न हों। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए, ताकि पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही प्राधिकरण के अधिकारियों को नियमित रूप से जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने और ड्रेनेज बॉक्स के आसपास किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होने देने के निर्देश दिए।
बिस्मिल पार्क के सौंदर्यीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सी-ब्लॉक स्थित बिस्मिल पार्क के रखरखाव और सौंदर्यीकरण का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्क की बाउंड्री वॉल और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारियों को वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पार्क के सौंदर्यीकरण और अन्य जरूरी कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
स्ट्रीट लाइट और खुले तारों को लेकर सख्ती
जिलाधिकारी ने प्राधिकरण के अधिकारियों को सेक्टर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लूज वायर और खुले तारों को जल्द व्यवस्थित कराने को कहा, ताकि सेक्टरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सड़क, जल निकासी और पार्कों की समस्याएं समयबद्ध तरीके से होंगी दूर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेक्टर की बाउंड्री वॉल, जल निकासी, सड़क मरम्मत, पार्कों की साफ-सफाई, जलापूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पार्क में लगाए पीलखन, बरगद और पीपल के पौधे
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेक्टर बीटा-01 के पार्क में पीलखन, बरगद और पीपल के पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने सेक्टरवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही रोपित पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह, संबंधित अधिकारी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और सेक्टरवासी मौजूद रहे।