नई दिल्ली: अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांत में पाकिस्तानी विमानों की ओर से एक बार फिर एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा किया गया है। अफगानिस्तान के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों इलाकों में नागरिक घरों को निशाना बनाकर की गई बमबारी में महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए हैं। हमलों में तीन घरों के तबाह होने की भी बात कही गई है।
कुनार के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक नागरिक के घर पर बमबारी किए जाने का दावा किया गया। वहीं, हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी नागरिक घरों पर हवाई हमला किए जाने की बात सामने आई है।
कुनार में नागरिक घर पर बमबारी का दावा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 3 बजे शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में एक नागरिक के घर को निशाना बनाकर बमबारी की गई। रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए। बताया गया है कि मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं।
हमले के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से लोगों को निकालने और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का काम किया। घटना के बाद इलाके में पाकिस्तान के खिलाफ नाराजगी भी सामने आने की बात कही गई है।
हेलमंद में भी नागरिक घरों पर हमले का दावा
हेलमंद प्रांत के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी नागरिक घरों को निशाना बनाकर हवाई हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। अफगानिस्तान की ओर से कहा गया है कि कुनार और हेलमंद में हुई बमबारी में कुल 9 लोगों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
तालिबान प्रवक्ता ने बताया आक्रामक कार्रवाई
अफगानिस्तान तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पिछली रात पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के शेल्टन जिले के चोगाम इलाके और हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में नागरिक घरों पर बमबारी की। उनके मुताबिक, इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए।
जबिहुल्लाह मुजाहिद ने घटना की निंदा करते हुए इसे आक्रामक कार्रवाई और अपराध बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई सभी मान्य अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन है।
हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा
कुनार और हेलमंद में हुए इन हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ने की बात कही जा रही है।