पीएम सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने की अपील, गौतमबुद्धनगर की आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से मांगा सहयोग
गौतमबुद्धनगर: जनपद में पंजीकृत सभी आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की अपील की गई है। डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद निखलेश राजन ने कहा कि आरडब्ल्यूए, एओए, हाउसिंग, हाईराइज बिल्डिंग और गेटेड सोसायटीज में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जाने के लिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाना है।
भारत सरकार की योजना का कराया जाएगा प्रचार
डिप्टी रजिस्ट्रार ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना भारत सरकार द्वारा संचालित योजना है। जनपद में पंजीकृत सभी आरडब्ल्यूए और एओए के पदाधिकारियों से योजना को लोगों तक पहुंचाने और इसके प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की अपील की गई है।
कैनोपी और पंपलेट के जरिए होगा निःशुल्क प्रचार
उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग के कर्मचारियों और अधिकृत वेंडरों की ओर से सेक्टरों और सोसायटीज में कैनोपी एवं पंपलेट के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार निःशुल्क कराया जाएगा। इसके लिए आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
प्रचार के लिए कोई शुल्क न लेने की अपील
जनपद के सभी आरडब्ल्यूए और एओए से कहा गया है कि वे इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि योजना का प्रचार-प्रसार सुचारू रूप से पूरा हो सके। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि इस कार्य के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क न लिया जाए, जिससे शासकीय कार्य निर्बाध और सुचारू रूप से संपादित किया जा सके।