OBC छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए समय-सारणी जारी, 15 अक्टूबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया; जानें पूरी डेडलाइन

0 46

गौतमबुद्धनगर: वित्तीय वर्ष और शैक्षिक सत्र 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया की समय-सारणी जारी कर दी गई है। अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर अन्य पिछड़ा वर्ग के दशमोत्तर और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों को छात्रवृत्ति, शैक्षणिक भत्ता और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया जाएगा।

नवीनीकरण और नए आवेदन की अलग-अलग समय सीमा

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि उच्च शिक्षा दशमोत्तर और शुल्क प्रतिपूर्ति के तहत नवीनीकरण यानी Renewal के लिए छात्रों को 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन करना होगा। वहीं नवीन यानी Fresh आवेदन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

शिक्षण संस्थानों की ओर से पात्र छात्रों के ऑनलाइन आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करने की समय-सीमा भी तय की गई है। नवीनीकरण के आवेदन 25 अक्टूबर 2026 तक और नवीन आवेदन 10 नवंबर 2026 तक सत्यापित कर अग्रसारित किए जा सकेंगे।

कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए भी समय-सारणी जारी

पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षा 9 से 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भी छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया तय की गई है। इन कक्षाओं के नवीन यानी Fresh छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन को शिक्षण संस्थान और विद्यालय की ओर से सत्यापित कर अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

शिक्षण संस्थानों को छात्रों को जानकारी देने के निर्देश

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद में संचालित सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वित्तीय वर्ष और शैक्षिक सत्र 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार छात्रवृत्ति आवेदन फार्म भरने की जानकारी अपने स्तर से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

यह व्यवस्था उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों के लिए दशमोत्तर और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत तथा कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए लागू है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.