पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 गंभीर

0 18

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से मैच खेलकर देवरिया लौट रहे छह टेनिस खिलाड़ियों की कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया है।

माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की तरफ जा रहे थे। बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 97.500 के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों ने पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया।

घायलों की पहचान देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया।

लखनऊ में मैच खेलकर देवरिया लौट रहे थे

घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। उनके मुताबिक, यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे, इसलिए हादसा किस तरह हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि कार में आनंद यादव, राजू और उनके अलावा नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी सवार थे। नित्या, इरफान और अनिकेत भी देवरिया के रहने वाले हैं।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.