बांदा में जहरीली गैस ने ली दो किसानों की जान, कुएं में बोर का पंखा ठीक करने उतरे थे दोनों

0 28

बांदा: सूखे कुएं में बोर का पंखा ठीक करने उतरे बटाईदार और खेत मालिक के बेटे की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों करीब 20 फीट गहरे कुएं में उतरे थे। एक को बचाने के लिए दूसरा भी कुएं में उतर गया, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। करीब तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बोर का पंखा ठीक करने कुएं में उतरे थे लालू

बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शिवनारायण सिंह के खेत में बने बोरवेल कुएं की मोटर का पंखा खराब हो गया था। उसे ठीक करने के लिए खेत मालिक का बटाईदार 45 वर्षीय लालू करीब 17 फीट नीचे कुएं में उतरा। बताया गया कि कुएं के भीतर जहरीली गैस की वजह से वह अचानक बेहोश हो गया और करीब 20 फीट नीचे बोर के चेंबर पर गिर गया।

बचाने उतरे कृष्ण कुमार भी गैस की चपेट में आए

लालू की चीख सुनकर खेत मालिक का 44 वर्षीय बेटा कृष्ण कुमार उसे बचाने के लिए रस्सी के सहारे कुएं में उतर गया। लेकिन नीचे पहुंचते ही वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया और चेंबर के ऊपर गिर पड़ा। कुछ देर बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों को दोनों दिखाई नहीं दिए तो उन्होंने तलाश शुरू की। कुएं में झांकने पर दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले।

ऑक्सीजन सिलेंडर मंगाकर शुरू किया गया रेस्क्यू

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी, चौकी प्रभारी गौरव मिश्रा और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को बाहर निकालने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की गई। कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। इसके बाद रस्सी की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया।

अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित किया

रेस्क्यू के बाद दोनों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने पहले लालू को मृत घोषित किया। इसके बाद कृष्ण कुमार को भी मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, परिजनों को उसके जीवित होने की आशंका थी, इसलिए वे उसे रानी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

मीथेन गैस की चपेट में आने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया दोनों की मौत जहरीली मीथेन गैस की चपेट में आने से होने की आशंका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस और बचाव टीम ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया था और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.