बाराबंकी में ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह, एलपीजी टैंकर से कार की आमने-सामने टक्कर; दो महिलाओं की हालत गंभीर
बाराबंकी: लखनऊ-बहराइच हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार और एलपीजी टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि हादसे के समय टैंकर में गैस नहीं थी।
ओवरटेक करते समय सामने से आए टैंकर से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, एलपीजी टैंकर बहराइच की ओर से आ रहा था, जबकि कार विपरीत दिशा में जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी सामने से आ रहे टैंकर से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
छह लोग घायल, दो महिलाओं की हालत नाजुक
हादसे में गोंडा के ग्रीन सिटी निवासी सुजीत वर्मा, उनके बेटे हार्दिक वर्मा, पत्नी रंजना वर्मा और बेटी उषा वर्मा घायल हो गए। इनके अलावा कंचन लता झा की बेटी सोना और गया प्रसाद की पत्नी शकुंतला देवी भी दुर्घटना में घायल हुई हैं।
सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंचन लता और शकुंतला देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।