बिहार में ऊर्जा क्षेत्र की बदलेगी तस्वीर! 1.72 लाख करोड़ का निवेश, बांका-सिवान में बनेंगे परमाणु बिजली संयंत्र
पटना: बिहार में ऊर्जा उत्पादन और बिजली भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए 1.72 लाख करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी है। इसके तहत बांका और सिवान में परमाणु बिजली संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि नवादा, जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित होंगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में पटना के होटल मौर्या में उद्योग और ऊर्जा विभाग की ओर से आयोजित उद्यमियों से संवाद एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह में इन परियोजनाओं को लेकर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
बांका में 2800 मेगावाट का परमाणु बिजली संयंत्र
बांका जिले के भितिया में 700 मेगावाट की चार इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इनकी कुल क्षमता 2800 मेगावाट होगी। इस परियोजना के लिए एनटीपीसी के साथ समझौता किया गया है। करीब 1500 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 70 हजार करोड़ रुपये है। इसके लिए हर साल 160 एमसीएम पानी की आपूर्ति की जाएगी।
सिवान के रघुनाथपुर में भी बनेगा परमाणु संयंत्र
सिवान जिले के तलहर, रघुनाथपुर में भी 2800 मेगावाट क्षमता का परमाणु बिजली संयंत्र स्थापित करने की योजना है। यहां 700 मेगावाट की चार इकाइयां लगाई जाएंगी। इस परियोजना के लिए भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) के साथ एमओयू किया गया है।
करीब 1500 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत भी 70 हजार करोड़ रुपये रखी गई है। संयंत्र के संचालन के लिए प्रतिवर्ष 160 एमसीएम पानी की जरूरत होगी।
नवादा और जमुई में अदाणी समूह विकसित करेगा पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं
बिहार में बिजली भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए नवादा और जमुई में बड़ी परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। नवादा जिले के एकतारा और पथरा में 1800 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड स्टोरेज परियोजना बनाई जाएगी। इसकी भंडारण क्षमता 10,800 मेगावाट-आवर होगी और अनुमानित लागत 9900 करोड़ रुपये है। इसे अदाणी समूह विकसित करेगा।
इसी तरह जमुई जिले के मिर्चा पाठक चक में भी 1800 मेगावाट क्षमता की पंप्ड स्टोरेज परियोजना स्थापित होगी। इसकी भंडारण क्षमता 10,800 मेगावाट-आवर होगी। इस परियोजना पर भी करीब 9900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसका निर्माण अदाणी समूह करेगा।
नवादा के हरदिया-फुलवरिया डैम में 1500 मेगावाट की योजना
नवादा जिले के हरदिया और फुलवरिया डैम में 1500 मेगावाट क्षमता की पंप्ड स्टोरेज परियोजना विकसित की जाएगी। इसकी भंडारण क्षमता 9015 मेगावाट-आवर निर्धारित की गई है। इस योजना की अनुमानित लागत 7685 करोड़ रुपये है।
औरंगाबाद में 900 मेगावाट की परियोजना
औरंगाबाद जिले के नारायणपुर और गजोई में 900 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड स्टोरेज परियोजना स्थापित की जाएगी। इसकी भंडारण क्षमता 5463 मेगावाट-आवर होगी। परियोजना पर करीब 5400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।