‘मां भिक्षा दीजिए…’ संन्यास के बाद मां से हुई उस मुलाकात को याद कर भावुक हुए CM योगी, अब देशवासियों से की खास अपील

0 12
लखनऊ: मां सावित्री देवी के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के साथ जुड़ी एक भावुक याद साझा की है। उन्होंने संन्यास लेने के बाद भगवा वस्त्र पहनकर मां से भिक्षा मांगने के लिए घर पहुंचने का प्रसंग याद किया। योगी ने बताया कि उस समय मां के लिए बेटे के संन्यासी बनने के फैसले को स्वीकार करना आसान नहीं था। उत्तराखंड में मां का अंतिम संस्कार कर लौटने के बाद उन्होंने अपनी खुली चिट्ठियों की श्रृंखला ‘योगी की पाती’ के नए अंक में मां के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। उन्होंने मां के प्रेम को जीवन की सबसे सुंदर भावना बताते हुए लोगों से निराश्रित और जरूरतमंद माताओं का सहारा बनने की अपील की।

‘मां भिक्षा दीजिए…’ कहने पर भावुक हो गई थीं मां

योगी आदित्यनाथ ने अपनी चिट्ठी में उस समय का जिक्र किया, जब संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने पैतृक घर पहुंचे थे। गोरखपुर से उत्तराखंड के पंचूर तक की इस यात्रा के दौरान उनके मन में कई भावनाएं उमड़ रही थीं।

उन्होंने बताया कि संन्यास परंपरा के एक महत्वपूर्ण विधान के तहत उन्होंने घर की दहलीज पर खड़े होकर भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं तो भगवा वस्त्रों में बेटे को देखकर कुछ पल के लिए उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। मां कुछ कह पातीं, उससे पहले योगी ने उनसे कहा, ‘मां भिक्षा दीजिए।’

मां ने पूछा था- घर में किस चीज की कमी थी?

मुख्यमंत्री ने उस मुलाकात को याद करते हुए बताया कि मां ने खुद को संभालते हुए उनसे पूछा था कि बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में किस चीज की कमी थी, जो भीख मांग रहे हो? इस पर उन्होंने मां को समझाया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है।

योगी ने मां से कहा था कि वह घर में रहने नहीं, बल्कि संन्यास की परंपरा के अनुसार भिक्षा मांगने आए हैं। मां उन्हें भिक्षा में जो कुछ भी देंगी, वही उनके मनोरथ को पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने लिखा कि मां की ममता ने आखिरकार संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।

मां का जाना सिर्फ एक व्यक्ति को खोना नहीं: योगी

अपनी चिट्ठी में मुख्यमंत्री ने मां के महत्व को बताते हुए लिखा कि मां का न होना केवल परिवार के एक सदस्य का दुनिया से चले जाना नहीं है, बल्कि इसके साथ भावनात्मक सुरक्षा, निःस्वार्थ प्रेम और घर की सुकूनभरी छांव भी छिन जाती है।

उन्होंने मां को अपनी पहली गुरु बताया, जिन्होंने उन्हें अक्षर ज्ञान दिया। योगी ने कहा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं होतीं, बल्कि उनका स्थान पूरे संसार में सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि उनके जीवन की यह पहली गुरु अब अनंत यात्रा पर निकल चुकी हैं।

निराश्रित माताओं का सहारा बनने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भावुक संदेश के जरिए लोगों से समाज की जरूरतमंद और बेसहारा महिलाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति किसी निराश्रित मां का सहारा बने, किसी वंचित मां की तकलीफ को समझे और किसी दुखी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई अपनी इस पाती को सभी माताओं के नाम समर्पित किया। उनका संदेश मां के प्रति सम्मान, प्रेम और समाज में बुजुर्ग एवं बेसहारा महिलाओं की मदद करने की भावना पर केंद्रित रहा।

91 वर्ष की उम्र में हुआ था सावित्री देवी का निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। इसके बाद योगी आदित्यनाथ अपने परिजनों के साथ हरिद्वार पहुंचे, जहां चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.