मायावती ने अतर सिंह राव का बढ़ाया कद, 9 राज्यों की कमान देकर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

0 15

मेरठ: बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी अतर सिंह राव को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में किए गए फेरबदल के तहत पार्टी के सांगठनिक ढांचे को तीन प्रमुख सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें से नौ राज्यों वाले एक सेक्टर का मुख्य सेक्टर प्रभारी अतर सिंह राव को बनाया गया है।

अतर सिंह राव को बसपा का कैडर आधारित और बेहद निष्ठावान नेता माना जाता है। वह विधान परिषद में पार्टी के सचेतक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख दलित नेताओं में उनकी गिनती होती है। इससे पहले वह बसपा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

नई संगठनात्मक व्यवस्था में अतर सिंह राव को सेक्टर-2 का मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। उनके जिम्मे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल की जिम्मेदारी रहेगी। राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद बसपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। समर्थकों ने उन्हें बधाई देने के साथ मायावती का आभार भी जताया है।

छोटे भतीजे ईशान आनंद को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

मायावती ने बड़े भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर पद से हटाए जाने के बाद अब छोटे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है। ईशान आनंद मुख्य सेक्टर प्रभारी के तौर पर पार्टी में अपनी नई भूमिका शुरू करेंगे। वह अपने काम की रिपोर्ट सीधे मायावती और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा अपने पिता आनंद कुमार को देंगे।

ईशान आनंद को उत्तर भारत में सेक्टर एक और सेक्टर दो के तहत आने वाले राज्यों का मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। संगठन में नई जिम्मेदारी के साथ उनका पार्टी में कद भी बढ़ा है।

आकाश आनंद को झटका, ईशान की एंट्री से बढ़ी चर्चा

बसपा में आंतरिक कलह के बीच मायावती ने तीन सितंबर को प्रदेश मुख्यालय में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आकाश आनंद को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर के पद से हटा दिया था। खास बात यह रही कि इस बैठक में आकाश आनंद को नहीं बुलाया गया था, जबकि ईशान आनंद इसमें शामिल हुए थे। इसी दिन पार्टी में ईशान को आगे बढ़ाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.