मुजफ्फरनगर में मौत का तांडव: हाईवे पर पोल से टकराते ही आग का गोला बनी कार, 6 लोग जिंदा जले; मृतकों में बच्चा भी शामिल
टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग, बाहर निकलने का नहीं मिला मौका
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कार पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान जागाहेड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे लगे लाइट के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में लपटों ने पूरे वाहन को घेर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिल सका।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी, छह शव निकाले गए
दुर्घटना के बाद हाईवे पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने कार के भीतर से आग में बुरी तरह झुलसे छह लोगों के शव बाहर निकलवाए। इसके बाद सभी शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों में 10 से 12 साल का बच्चा भी शामिल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों में कार चालक के अलावा करीब 10 से 12 साल की उम्र का एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस संबंधित जानकारियां जुटा रही है और मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
कार अनियंत्रित कैसे हुई? हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार किस वजह से बेकाबू हुई और पोल से टकराने के बाद उसमें आग किन परिस्थितियों में लगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मथुरा-बरेली हाईवे पर भी एक गंभीर सड़क हादसा हुआ था, जहां एक कार ने खेत में काम कर रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी थी।