यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर मुर्मू की शुभकामनाओं से गदगद जेलेंस्की, बोले- युद्ध का सम्मानजनक अंत सबसे बड़ा सपना

0 18

 

कीव: यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से भेजी गई शुभकामनाओं पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आभार जताया है। यूक्रेन की स्वतंत्रता की 35वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू ने वहां के लोगों को बधाई और शांति की शुभकामनाएं दी थीं। जेलेंस्की ने कहा कि रूस के साथ जारी युद्ध का सम्मानजनक अंत लाखों यूक्रेनियों की सबसे बड़ी इच्छा है।

मुर्मू की शुभकामनाओं के लिए जेलेंस्की ने कहा धन्यवाद

जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से यूक्रेन के लोगों के लिए भेजा गया बधाई संदेश पाकर खुशी हुई। उन्होंने शांति की कामना करने के लिए राष्ट्रपति मुर्मू का धन्यवाद किया।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन जब अपनी स्वतंत्रता की 35वीं वर्षगांठ मना रहा है, तब रूस के साथ जारी युद्ध का सम्मानजनक अंत लाखों यूक्रेनी नागरिकों का सबसे बड़ा सपना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी दुनिया को एकजुट होकर शांति का रास्ता तैयार करने में मदद करनी होगी।

भारत के साथ संबंध मजबूत करने की जताई प्रतिबद्धता

जेलेंस्की ने भारत के साथ संबंधों को लेकर भी सकारात्मक रुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन भारत के साथ आपसी हितों पर आधारित और लाभकारी संवाद को आगे भी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके इस बयान को दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए यूरोपीय नेता

रूस के साथ युद्ध के बीच यूक्रेन की स्वतंत्रता की 35वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कई यूरोपीय नेता भी शामिल हुए। इस दौरान यूक्रेन के लंबी दूरी की मिसाइल कार्यक्रम को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयासों पर भी जोर दिया गया।

रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से युद्ध जारी है। यूक्रेन ने सोवियत संघ से अलग होकर स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। 24 अगस्त 1991 को यूक्रेन के कानून निर्माताओं ने स्वतंत्रता की घोषणा के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद उसी साल देशभर में हुए जनमत संग्रह में भी स्वतंत्रता को भारी बहुमत से मंजूरी मिली थी।

रूस के साथ युद्ध का सम्मानजनक अंत चाहता है यूक्रेन

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी युद्ध और शांति की उम्मीदों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लाखों यूक्रेनी नागरिकों का सबसे बड़ा सपना युद्ध का सम्मानजनक अंत और स्थायी शांति है।

जेलेंस्की ने यूक्रेन की जनता, सेना और सहयोगी देशों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद देश एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने रूस पर शांति नहीं चाहने का आरोप लगाया और कहा कि यूक्रेन अपनी जमीन और स्वतंत्रता से समझौता नहीं करेगा।

जेलेंस्की ने पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बैठक में उस लाइसेंसिंग को लेकर बातचीत की थी, जिसके जरिए यूक्रेन पैट्रियट इंटरसेप्टर बना सकेगा। जेलेंस्की के मुताबिक, उन्होंने ट्रंप के साथ पैट्रियट मिसाइलों के उत्पादन को लेकर भी चर्चा की थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.