यूपीआईटीएस-2026 में मत्स्य विभाग को मिले 600.20 करोड़ के निवेश प्रस्ताव! कोल्ड चेन में 509.20 करोड़, फीड मिल से हैचरी तक निवेशकों ने दिखाई रुचि
नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) में मत्स्य विभाग को कुल 600.20 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें कोल्ड चेन क्षेत्र में सबसे अधिक 509.20 करोड़ रुपये, फीड मिल क्षेत्र में 51 करोड़ रुपये, मत्स्य पालन क्षेत्र में 13.80 करोड़ रुपये, हैचरी एवं बीज उत्पादन क्षेत्र में 6.20 करोड़ रुपये तथा वैल्यू एडिशन एवं निर्यात क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।
फिश व्हाइट, बीवीजी इंडिया समेत कई निवेशकों ने दिखाई रुचि
इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में फिश व्हाइट, बीवीजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु तथा पीवीआर एक्वा, व्हाइट फिश वाराणसी समेत विभिन्न प्रमुख निवेशकों और उद्यमियों ने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में मत्स्य उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता, आधुनिक हैचरी, फीड उत्पादन, शीत श्रृंखला और मूल्य संवर्धित मत्स्य उत्पादों के क्षेत्र में काम करने में रुचि दिखाई।
मत्स्य क्षेत्र में निवेश के कई अवसरों की दी गई जानकारी
मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि विभाग की ओर से निवेशकों को प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध निवेश अवसरों, विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य निजी निवेश के माध्यम से मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाना, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना, आधुनिक मत्स्य अवसंरचना विकसित करना तथा मत्स्य उत्पादों के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देना है।
निवेशकों और उद्यमियों के लिए मंच बना यूपीआईटीएस
ट्रेड शो में मत्स्य विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉल निवेशकों, उद्यमियों, विद्यार्थियों तथा मत्स्य पालकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश में मत्स्य पालन और इससे जुड़े सहायक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, आधुनिक तकनीकों, उत्पादन, प्रसंस्करण, शीत श्रृंखला, हैचरी, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज उत्पादन और मूल्य संवर्धन के अवसरों की जानकारी दी गई।
निवेश की संभावनाओं पर निवेशकों से हुई चर्चा
ट्रेड शो के दौरान विभिन्न निवेशकों और उद्यमियों ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों से संवाद कर प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रस्तावित परियोजनाओं, संभावित निवेश, तकनीकी आवश्यकताओं और परियोजनाओं के संभावित क्षेत्रों से संबंधित जानकारी साझा की गई।
इन चर्चाओं के परिणामस्वरूप मत्स्य क्षेत्र के विभिन्न उप-क्षेत्रों में कुल 600.20 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।