UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाया आयुष विभाग! हॉल-4 में मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार, आयुर्वेद से पंचकर्म तक की दिखी झलक
गौतमबुद्धनगर: इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को हॉल-4 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि के जरिए आयुष विभाग की गतिविधियों, सेवाओं और उत्तर प्रदेश में आयुष क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली।
आयुष अधिकारियों ने आगंतुकों को दी विभागीय कार्यों की जानकारी
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतम बुद्ध नगर डॉ. वंदना रानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गाजियाबाद डॉ. अशोक राणा और जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर आने वाले अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
आयुर्वेद, योग और पंचकर्म की दी गई जानकारी
स्टॉल पर आगंतुकों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों, सुरक्षित एवं मानकीकृत औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान एवं नवाचार के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही आयुर्वेद, योग और पंचकर्म तथा आयुर्वेद के वैश्वीकरण की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया।
उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने और गुणवत्तापूर्ण, साक्ष्य-आधारित एवं अनुसंधानपरक आयुर्वेदिक उपचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी जानकारी आगंतुकों को दी गई।
नाड़ी परीक्षा के साथ स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी
स्टॉल पर चिकित्सकों ने आगंतुकों की नाड़ी परीक्षा कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इसके साथ ही आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या और दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
जनपद की टीम ने निभाई अहम भूमिका
आयुष विभाग के जनपद गौतमबुद्धनगर के सभी चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने स्टॉल के सफल संचालन, आगंतुकों के मार्गदर्शन और विभागीय गतिविधियों के प्रभावी प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार मिलना आयुर्वेद विभाग और होमियोपैथी विभाग जनपद गौतमबुद्ध नगर की टीम की समन्वित कार्यशैली और उत्कृष्ट प्रस्तुति का परिणाम रहा।