लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। प्रदेश के सात मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती कराई जाएगी। पूरी प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के जरिए नजर रखी जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद शाम तक परिणाम आने की उम्मीद है।
लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती रमाबाई रैली स्थल पर अलग-अलग हॉल में होगी। वहीं, अन्य जिलों में भी निर्धारित केंद्रों पर मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।
सात केंद्रों पर होगी वोटों की गिनती
एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रदेश के अलग-अलग जिलों में निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएगी। प्रमुख केंद्र इस प्रकार हैं:
- लखनऊ: रमाबाई रैली स्थल पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग हॉल में मतगणना होगी।
- वाराणसी: स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों के मतों की गिनती स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन में होगी।
- आगरा: दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति केंद्र पर कराई जाएगी।
- मेरठ: स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम के गांधी हॉल के हॉल ए में होगी। शिक्षक सीट की गिनती हॉल बी में होगी।
- इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: झांसी स्थित बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल में मतगणना होगी।
- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में वोटों की गिनती कराई जाएगी।
- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर एक और दो में मतगणना होगी।
152 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए कुल 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। संबंधित सीटों पर वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर तक है। इनमें भाजपा के छह, समाजवादी पार्टी के तीन और दो निर्दलीय सदस्य शामिल हैं।
मतगणना के बाद यह स्पष्ट होगा कि किन प्रत्याशियों को विधान परिषद में पहुंचने का अवसर मिलता है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती और चुनाव परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट के प्रेक्षक बदले गए
मतगणना से एक दिन पहले भारत निर्वाचन आयोग ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक में बदलाव किया है। वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी अभय सिंह को प्रेक्षक की जिम्मेदारी से मुक्त कर रिजर्व में रखा गया है। उनकी जगह वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।
आयोग ने नए प्रेक्षक को मंगलवार को मतगणना के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में तत्काल रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा के बागी एमएलसी ने लगाए थे आरोप
प्रेक्षक बदलने का फैसला ऐसे समय आया है, जब भाजपा के बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने अभय सिंह पर चुनाव में धांधली के गंभीर आरोप लगाए थे और उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को जारी पत्र में अभय सिंह को प्रेक्षक ड्यूटी से मुक्त कर उन्हें रिजर्व में रखने और प्रकाश बिंदु को नई जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया।