यूपी चुनाव 2027: आगरा से अखिलेश यादव करेंगे सियासी शंखनाद, दलित वोट बैंक पर नजर; बसपा भी 22 नवंबर को दिखाएगी ताकत

0 30

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपने सियासी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को आगरा पहुंचेंगे। यहां दलित महासम्मेलन के जरिए वह चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। आगरा में सपा पहली बार इतने बड़े स्तर पर दलित समाज से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। दलित राजनीति के लिहाज से अहम माने जाने वाले इस शहर में अखिलेश का यह दौरा कई राजनीतिक संदेश देने वाला माना जा रहा है।

दलित वोट बैंक पर सपा की नजर, PDA समीकरण मजबूत करने की तैयारी

अखिलेश यादव का आगरा दौरा केवल एक सम्मेलन तक सीमित नहीं है। इसके जरिए समाजवादी पार्टी की नजर बसपा के परंपरागत दलित वोट बैंक में सेंध लगाने के साथ भाजपा के समर्थक मतदाताओं को भी अपने पक्ष में करने पर है। पार्टी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समीकरण को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

दलित महासम्मेलन के मंच से अखिलेश यादव दलित समाज को पार्टी के साथ जोड़ने का संदेश देंगे। सपा की कोशिश है कि सामाजिक समीकरणों के सहारे आगामी विधानसभा चुनाव में अपना जनाधार बढ़ाया जाए और बसपा तथा भाजपा के प्रभाव वाले मतदाताओं तक भी पहुंच बनाई जाए।

अखिलेश के सम्मेलन के बाद आकाश आनंद की एंट्री, 22 नवंबर को बसपा की रैली

आगरा में सपा के दलित महासम्मेलन के बाद बहुजन समाज पार्टी भी अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 22 नवंबर को एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। अखिलेश यादव के कार्यक्रम के कुछ दिनों बाद होने वाली इस रैली को बसपा के सियासी जवाब और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

चर्चा है कि आकाश आनंद की इस जनसभा के दौरान बसपा अपने प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान कर सकती है। ऐसे में आगरा में सपा और बसपा के लगातार होने वाले कार्यक्रमों ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित मतदाताओं को लेकर सियासी हलचल तेज कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.