यूपी चुनाव 2027 के लिए भाजपा का शंखनाद, लखनऊ में अमित शाह देंगे नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिए भाजपा शुक्रवार से अपना बड़ा अभियान शुरू करेगी। राजधानी लखनऊ में पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक आयोजित होगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। वहीं, समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी पदाधिकारियों के सामने अपने विचार रखेंगे। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति तैयार करने, संगठन को सक्रिय करने और कमियों को दूर करने पर चर्चा होगी।

तीन सत्रों में होने वाली इस एकदिवसीय बैठक में करीब तीन हजार पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के साथ ही पार्टी अपने चुनावी कार्यक्रमों की शुरुआत करेगी। अमित शाह सुबह करीब 10:30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। उनका यहां लगभग साढ़े तीन घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

चुनावी तैयारियों और संगठन की भूमिका पर होगी चर्चा

कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों का जायजा गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने लिया। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में कार्यक्रम के एजेंडे पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अलग-अलग पदाधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक का दूसरा सत्र संगठन से जुड़े विषयों पर केंद्रित रहेगा। इसमें प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, पार्टी की तैयारियों और आगामी चुनावी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श होगा। विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे राजनीतिक मुद्दों और उसके नैरेटिव का जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का दावा

भाजपा महामंत्री राजेश चौधरी ने कहा कि पार्टी को पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने प्रदेश की सत्ता संभाली थी, तब उत्तर प्रदेश की स्थिति बदहाल थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में बदलाव आया है और अब देश में यूपी मॉडल की चर्चा हो रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की तैयारियों की समीक्षा होगी और पदाधिकारियों को चुनावी अभियान में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए जा सकते हैं। पार्टी ने पदयात्राओं समेत कई कार्यक्रमों की योजना तैयार की है, जिन्हें बैठक के बाद शुरू किया जाएगा।

राजनीतिक एजेंडा भी पेश करेगा भाजपा संगठन

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यसमिति की बैठक को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए भाजपा संगठनात्मक कार्यों, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कामों को सामने रखेगी। इसके साथ ही प्रस्ताव में पार्टी का आगामी राजनीतिक एजेंडा भी घोषित किया जाएगा।

देर रात तक चलीं तैयारियां

कार्यसमिति की बैठक की तैयारियां गुरुवार देर रात तक चलती रहीं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने आयोजन स्थल लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सभागार, पंजीकरण व्यवस्था, मंच, बैठक स्थल की साज-सज्जा और अन्य इंतजामों का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.