यूपी में 3,446 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, गौतमबुद्धनगर में 7 प्राविधिक सहायकों की हुई तैनाती

0 26

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत कृषि विभाग में चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।

गौतमबुद्धनगर में 7 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 7 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह नजर आया। अधिकारियों के अनुसार, इन नियुक्तियों से कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्यों को गति मिलेगी और किसानों तक सरकारी कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीकी जानकारी तथा विभागीय सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के संबोधन और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम को देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्राविधिक सहायकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से किसानों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार करने तथा किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आधुनिक कृषि तकनीक गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील

भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में प्राविधिक सहायकों की भूमिका अहम होगी। युवाओं की तकनीकी दक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से जिले की कृषि व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नवचयनित युवाओं को अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों ने भी सभी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे, अपर जिला कृषि अधिकारी अम्बा प्रकाश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.