गौतमबुद्धनगर में जल जीवन मिशन की योजनाओं की समीक्षा, दिसंबर तक निर्माणाधीन कार्य पूरे करने के निर्देश

0 30

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं और जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति और संचालन एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

85 गांवों के लिए स्वीकृत हैं 85 पेयजल योजनाएं

अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद के 85 गांवों को पेयजल सुविधा से जोड़ने के लिए 85 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 51 योजनाओं के सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं और उनके संचालन एवं रखरखाव के माध्यम से 55 गांवों में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। वहीं 34 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य अभी जारी है। इनमें से 18 योजनाओं से जुड़े 18 गांवों में सीधे नलकूप के माध्यम से आंशिक जलापूर्ति भी की जा रही है।

खराबी आने पर तत्काल दुरुस्त कराई जाए जलापूर्ति

जिलाधिकारी ने संचालन और रखरखाव के तहत आने वाली सभी पेयजल योजनाओं से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित होती है तो तत्काल मरम्मत कराकर व्यवस्था को सुचारू किया जाए। जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सड़कों की मरम्मत और थर्ड पार्टी जांच के निर्देश

बैठक में पाइपलाइन बिछाने के बाद पुनर्स्थापित की गई सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि कहीं सड़क धंसने या बैठने की स्थिति सामने आई है तो उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही संबंधित कार्यों की जांच थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने के निर्देश भी दिए गए।

दिसंबर तक निर्माणाधीन योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्याप्त मानव संसाधन लगाकर सभी लंबित कार्यों को दिसंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र, अधिशासी अभियंता अविनाश गुप्ता सहित सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, नामित थर्ड पार्टी एजेंसी और जिला समन्वय डीपीएमयू के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.