रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में जुटेगा सियासत से सिनेमा तक का सितारों का जमावड़ा, मोदी-योगी समेत 2 हजार मेहमानों को न्योता

0 11

लखनऊ: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। दोनों 4 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए लखनऊ के होटल रमाडा में भव्य समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। शादी में राजनीति, क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अभिनेता शाहरुख खान समेत करीब 2 हजार मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया है।

3 दिसंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में

शादी समारोह से जुड़े कार्यक्रम 3 दिसंबर से शुरू हो जाएंगे। होटल रमाडा में मेहंदी, पूजा और दूसरी पारिवारिक रस्मों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 4 दिसंबर को रिंकू सिंह और प्रिया सरोज विवाह के बंधन में बंधेंगे।

आयोजन को लेकर दोनों परिवारों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेहमानों की सूची में देश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे और अलग-अलग क्षेत्रों की चर्चित हस्तियां शामिल हैं।

अखिलेश यादव परिवार के साथ हो सकते हैं शामिल

प्रिया सरोज की ओर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शादी का निमंत्रण भेजा गया है। उनके पत्नी डिंपल यादव और बच्चों के साथ समारोह में पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी आमंत्रित किया गया है।

वहीं, रिंकू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को न्योता भेजा है। केंद्रीय मंत्रियों में नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, किंजरापु राम मोहन नायडू और कमलेश पासवान समेत करीब आठ से दस मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

इसके अलावा लगभग 90 सांसदों और विधायकों को भी निमंत्रण भेजा गया है। राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के भी समारोह में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम बढ़ाएंगे समारोह की रौनक

रिंकू सिंह के क्रिकेट जगत से जुड़े दोस्तों और साथी खिलाड़ियों को भी शादी का न्योता दिया गया है। इनमें भुवनेश्वर कुमार, तिलक वर्मा, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह, पीयूष चावला और कुलदीप यादव जैसे नाम शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों के 3 दिसंबर से लखनऊ पहुंचने की संभावना है। भोजपुरी गायक और अभिनेता समर सिंह समेत फिल्म जगत की अन्य हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। ऐसे में शादी समारोह में क्रिकेट और मनोरंजन जगत की भी अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिल सकती है।

मेहमानों के लिए खास शाकाहारी पकवानों का इंतजाम

शादी में आने वाले मेहमानों के खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समारोह में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। मेहमानों के लिए सूप से लेकर मिठाइयों और अन्य पकवानों तक का खास इंतजाम किया गया है।

वहीं, प्रिया सरोज ने शादी के लिए दिल्ली और लखनऊ से अपने परिधानों की खरीदारी की है। उनके शादी के परिधानों में बनारस की प्रसिद्ध बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं।

बनारस में भी निभाई जाएंगी शादी की पारंपरिक रस्में

लखनऊ में मुख्य विवाह समारोह के अलावा बनारस में भी शादी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रिया सरोज के बनारस स्थित घर पर विवाह से पहले की पारंपरिक रस्में पूरी की जाएंगी। दोनों परिवार इन आयोजनों को लेकर तैयारियों में जुटे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.