सऊदी अरब में केन्याई महिला को 100 कोड़ों की सजा, शादी से पहले मां बनने पर हुई कार्रवाई; प्रेमी भी छोड़कर भागा, बेटे के साथ देश लौटने का रास्ता बंद
नई दिल्ली: सऊदी अरब में काम करने वाली केन्या की 40 वर्षीय महिला की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शादी से पहले यौन संबंध बनाने और बच्चे को जन्म देने के मामले में अदालत ने उन्हें 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई है। महिला का आरोप है कि जिस मिस्र के व्यक्ति के साथ रिश्ते के चलते वह गर्भवती हुई थीं, वह उन्हें अकेला छोड़कर देश से चला गया। अब वह अपने एक साल के बेटे के साथ केन्या लौटना चाहती हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई के चलते उनकी वापसी का रास्ता भी बंद है।
महिला की पहचान एस्थर वानजा मुथोनी के रूप में हुई है। वह सऊदी अरब में एक परिवार के यहां घरेलू सहायिका और बच्चों की देखभाल करने वाली के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान मिस्र के एक व्यक्ति के साथ उनके संबंध बने और वह गर्भवती हो गईं। मामला उस समय सामने आया, जब उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां बच्चे के जन्म की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एक साल से बेटे के साथ घर लौटने की कोशिश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुथोनी एक साल से अधिक समय से अपने बेटे अबुडी के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन उन्हें लगातार कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने पिछले महीने एक इंटरव्यू में अपनी परेशानी बताते हुए कहा था कि वह बेहद डरी हुई हैं और उन्हें नहीं लगता कि वह 100 कोड़ों की सजा सह पाएंगी।
सऊदी अरब में शादी से पहले यौन संबंध बनाना गैरकानूनी है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि इस कानून का असर महिलाओं पर अधिक पड़ता है, क्योंकि गर्भवती होने की स्थिति में उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। केन्या सहित अफ्रीकी देशों से वहां काम करने पहुंची प्रवासी महिलाओं की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है।
प्रवासी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सऊदी अरब में काम करने के दौरान कई केन्याई महिलाओं को शारीरिक हिंसा का सामना करना पड़ा है। इनमें मारपीट और यौन हिंसा के मामले भी शामिल बताए गए हैं। मानवाधिकार संगठनों ने मुथोनी को सुनाई गई सजा की आलोचना की है।
ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन ALQST की कार्यवाहक निदेशक मरियम अलदोसारी ने इस सजा को हिंसा का एक रूप बताया। उन्होंने कहा कि मुथोनी को अपने बच्चे के साथ केन्या लौटने की अनुमति दी जानी चाहिए।
मरियम अलदोसारी के मुताबिक, सऊदी अरब दुनिया के सामने खुद को आधुनिक और महिलाओं को सशक्त बनाने वाले देश के रूप में पेश करता है, लेकिन दूसरी ओर एक मां को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई जा रही है।
बच्चे के जन्म के बाद रहने की जगह भी छिनी
बताया गया है कि बच्चे को जन्म देने के बाद मुथोनी को उस आवास में वापस जाने की अनुमति नहीं दी गई, जहां वह काम करती थीं। इसके बाद उन्हें एक पेट्रोल स्टेशन पर रहना पड़ा। यह जगह उन महिलाओं के जुटने का ठिकाना बन गई थी, जो अपने बच्चों के साथ अपने देश वापस भेजे जाने का इंतजार कर रही थीं।
मीडिया में मामला सामने आने के बाद मुथोनी को रहने के लिए जगह तो मिल गई, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक वह सऊदी अरब छोड़कर नहीं जा सकतीं। महिला को अनुवादक की सुविधा दी गई, लेकिन उनके मुताबिक, अपना पक्ष रखने के लिए उन्हें कोई वकील उपलब्ध नहीं कराया गया। ऐसे में वह अपने बेटे के साथ घर लौटने और कानूनी कार्रवाई से राहत मिलने का इंतजार कर रही हैं।