समंदर में उठ रहा ‘अकवान’ तूफान कितना होगा खतरनाक? 145 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 20 नवंबर को आंध्र तट पर लैंडफॉल का अनुमान
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम यह गहरे दबाव के क्षेत्र से चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसके प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है। तूफान के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है।
19 नवंबर तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान
IMD के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। सोमवार, 16 नवंबर की शाम 5:30 बजे तक यह चक्रवाती तूफान बन चुका था।
उस समय तूफान का केंद्र चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 630 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापट्टनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था। वहीं, ओडिशा के गोपालपुर से इसकी दूरी करीब 790 किलोमीटर दक्षिण में थी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान मंगलवार, 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है।
20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है तूफान
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, ‘अकवान’ उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर 2026 की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के बीच नेल्लोर और तुनी के आसपास से गुजर सकता है। लैंडफॉल के समय इसके बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका जताई गई है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। तेज झोंकों के साथ हवा की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसके चलते तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है।
ओडिशा के 16 जिलों में येलो अलर्ट, दक्षिणी जिलों में ऑरेंज चेतावनी
चक्रवात का असर ओडिशा में 18 नवंबर से दिखना शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार, 18 नवंबर के लिए राज्य के 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 19 से 21 नवंबर के बीच कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए दक्षिणी ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पश्चिमी ओडिशा के बरगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
तटीय राज्यों में प्रशासन सतर्क
चक्रवात की आशंका को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग तूफान की दिशा, गति और तीव्रता पर लगातार नजर रख रहा है। आने वाले दिनों में इसके रास्ते और ताकत में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे की चेतावनियां जारी की जाएंगी।