सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का अभियान, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की तैयारी

0 22

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन कार्यालय कक्ष में बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों, विभागवार जिम्मेदारियों और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

विकास योजनाओं और लाभार्थियों का जुटाया जाएगा पूरा डेटा

मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों और राज्य सरकार के पिछले 10 वर्षों में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ा डेटा तैयार कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लाभार्थियों की अद्यतन सूची और योजनावार उपलब्धियों का संकलन विधानसभा, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर कराया जाएगा।

संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग से जुड़ी सूचनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि अभियान के दौरान उपलब्धियों और योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंचाई जा सके।

दीप प्रज्वलन से लेकर जनसेवा महाकुंभ तक होंगे कार्यक्रम

अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों द्वारा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर भी विशेष दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम से संबंधित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में इस आयोजन के लिए पंचायती राज विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग को आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाभार्थियों की बदली जिंदगी की वीडियो और रील होंगी तैयार

‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। इसके लिए वीडियो और रील तैयार कराई जाएंगी। उत्कृष्ट सामग्री का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी बैठक में जोर दिया गया।

स्वच्छता, रक्तदान और वृक्षारोपण में बढ़ेगी जनभागीदारी

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग और नदी घाटों की सफाई जैसी सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने इन गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प कराने और इसमें नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।

‘सरकार आपके द्वार’ के तहत सात दिवसीय सेवा शिविर

‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर आवेदन कराने, पात्रता का सत्यापन करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था होगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ शिविरों को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा, स्वच्छता और प्रचार-प्रसार पर भी रहेगा जोर

अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करनी होंगी।

कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों की प्रगति फोटो और वीडियो के साथ पोर्टल पर दर्ज करने की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और आपसी समन्वय के जरिए अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।

बैठक में डीसीपी हेडक्वार्टर शव्या गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपनिदेशक माय भारत शिवेंद्र सिंह सहित प्राधिकरण और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.