हवा में विमान के इंजन से निकली चिंगारी, 146 लोगों की अटकी सांसें! फिलीपींस में पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

0 33

मनीला: फिलीपींस में शनिवार को एयर न्यूगिनी के एक विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान के दाहिने इंजन में संभावित आग या चिंगारी का संकेत मिलने के बाद पायलटों ने सुरक्षा प्रक्रिया अपनाते हुए विमान को दावाओ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया। विमान में 137 यात्री और नौ क्रू मेंबर समेत कुल 146 लोग सवार थे। राहत की बात रही कि सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

हांगकांग से पापुआ न्यू गिनी जा रहा था विमान

एयर न्यूगिनी का बोइंग 767-383ER विमान हांगकांग से पापुआ न्यू गिनी जा रहा था। इसी दौरान पायलटों को विमान के दाहिने इंजन में संभावित चिंगारी या आग का संकेत मिला। इसके बाद विमान अपने निर्धारित रास्ते से हट गया और पायलटों ने फिलीपींस के दावाओ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

इमरजेंसी स्लाइड से उतारे गए यात्री और क्रू मेंबर

फिलीपींस की सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक, विमान आधी रात के तुरंत बाद दावाओ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। लैंडिंग के बाद आपातकालीन स्लाइड की मदद से 137 यात्रियों और नौ क्रू मेंबर को विमान से बाहर निकाला गया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

पायलटों ने अपनाई सुरक्षा प्रक्रिया

सिविल एविएशन अथॉरिटी के प्रवक्ता एरिक अपोलोनियो ने बताया कि पायलटों ने खतरे का संकेत मिलने के बाद तय सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच में पायलटों के बयान भी शामिल किए जाएंगे। हालांकि, इंजन में चिंगारी या आग लगने की वास्तविक वजह को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

यात्रियों को होटल में ठहराया गया

विमान से उतारे जाने के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर को एयरपोर्ट टर्मिनल ले जाया गया। इसके बाद उनके ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

दावाओ एयरपोर्ट कुछ समय के लिए किया गया बंद

आपातकालीन लैंडिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत दावाओ एयरपोर्ट को दूसरी उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया था। इसके चलते वहां आने वाली दो घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मुख्य रनवे की सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद एयरपोर्ट को दोबारा खोल दिया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.