1 महीने के मासूम को 1.20 लाख में बेचकर खरीदे गहने और स्मार्टफोन, 48 घंटे में 4 लोगों के हाथों से गुजरा बच्चा
छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक महीने के मासूम बच्चे की बिक्री का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे के जैविक माता-पिता ने उसे 1 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया और मिली रकम से दो ब्रांडेड स्मार्टफोन तथा करीब 62 हजार रुपये के सोने के गहने खरीदे। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चा महज 48 घंटे के भीतर चार लोगों के हाथों से गुजरते हुए महाराष्ट्र से तेलंगाना के हैदराबाद तक पहुंच गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
मामले में सात आरोपी गिरफ्तार
मुकुंदवाड़ी पुलिस ने इस मामले में 24 सितंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बच्चे के जैविक माता-पिता समेत अंतरराज्यीय रैकेट से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में बच्चे की खरीद-फरोख्त के दौरान अलग-अलग रकम में सौदे किए जाने की जानकारी सामने आई है।
नांदेड़ में हुई बच्चे की अदला-बदली
पुलिस जांच के मुताबिक, सीमा ने बच्चे को 2 लाख 70 हजार रुपये में संगीता आव्हाड को बेचा था। इसके बाद संगीता और खुद को डॉक्टर बताने वाले सुरेश गुंटुका ने नांदेड़ में बच्चे की अदला-बदली की। इसके बाद बच्चे को 3 लाख 50 हजार रुपये में हैदराबाद की उमा खटकम को बेच दिया गया।
48 घंटे में छत्रपति संभाजीनगर से हैदराबाद पहुंचा मासूम
पुलिस के मुताबिक, बच्चे की खरीद-फरोख्त की पूरी प्रक्रिया बेहद कम समय में हुई। महज 48 घंटे के भीतर एक महीने का मासूम छत्रपति संभाजीनगर से नांदेड़ के रास्ते तेलंगाना पहुंचा दिया गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हैदराबाद से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बाल कल्याण समिति के आदेश पर संस्था को सौंपा गया बच्चा
पुलिस द्वारा बच्चे को सुरक्षित वापस लाने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेश के बाद मासूम को एक संस्था के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।