12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए निकली बाइक रैली, जिला न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी; लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की अपील
गौतमबुद्धनगर: आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यातायात पुलिस विभाग की बाइक रैली निकाली गई। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने दीवानी न्यायालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में यातायात पुलिस की 30 बाइक के साथ अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
बाइक रैली दीवानी न्यायालय से एलजी चौक, जगतफार्म होते हुए परीचौक तक निकाली गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी और अपने लंबित मामलों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण के लिए इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
12 सितंबर को मुख्यालय और तहसील न्यायालयों में लगेगी लोक अदालत
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को सुबह 10 बजे से जनपद मुख्यालय और सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।
इसमें मोटर वाहन चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक मामले, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम से जुड़े वाद, दीवानी मामले, एनआई एक्ट एवं ई-चालान के वाद, आर्बिट्रेशन के मामले, लघु शमनीय वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, विद्युत अधिनियम और भू-राजस्व से संबंधित मामलों समेत अन्य प्रकृति के प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

बैंक ऋण से लेकर पेंशन और श्रम मामलों तक का होगा समाधान
राष्ट्रीय लोक अदालत में सेवा संबंधी मामलों, पेंशन प्रकरणों और श्रम से जुड़े मामलों को भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत और बीएसएनएल के टेलीफोनिक बिल से संबंधित मामलों का भी समाधान किया जा सकेगा।
लंबित मामलों के निस्तारण के लिए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित और सुलभ निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। जनसामान्य की सुविधा के लिए टेली सेवा भी संचालित की गई है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एस.टी. एक्ट.) एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विरेक अग्रवाल समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस की ओर से एसीपी पवन कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रफुल्ल श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर सूरजपुर संजीव उज्जवल तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।