युवतियों के लिए नौकरी का सुनहरा मौका, 10 सितंबर को लगेगा पिंक रोजगार मेला; 18 से 35 साल तक की अभ्यर्थी ले सकेंगी हिस्सा
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर की ओर से 10 सितम्बर 2026 को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे शिक्षित और रोजगार की इच्छुक युवतियों को उनकी योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुसार नौकरी के अवसर मिल सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि मेले में मैन्यूफैक्चरिंग, वीपीओ/केपीओ, बैंकिंग, फाइनेंस, फिनटेक, ई-कॉमर्स समेत अन्य क्षेत्रों की कंपनियां प्रतिभाग कर सकती हैं। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों की योग्यता और प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हाईस्कूल से परास्नातक तक की युवतियां ले सकेंगी हिस्सा
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक और अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाली इच्छुक छात्राएं एवं युवतियां हिस्सा ले सकती हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
मेले में शामिल होने वाली युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार देने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें रोजगार प्राप्त करने का मौका मिल सकेगा।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक छात्राओं और युवतियों से रोजगार मेले में शामिल होने से पहले रोजगार संगम पोर्टल पर जॉबसीकर के रूप में पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर पहुंचकर विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं।
पंजीयन से संबंधित किसी भी समस्या के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, आर.आई. सेंटर, झुण्डपुरा, सेक्टर-11, नोएडा, गौतमबुद्धनगर से संपर्क कर सकती हैं।