नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड पर जगुआर-ट्रक की टक्कर, 19 वर्षीय लड़की की दर्दनाक मौत, 3 युवक घायल

0 1,950

नोएडा: गौतमबुद्धनगर से बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। भंगेल एलिवेटेड रोड पर मंगलवार सुबह एक जगुआर कार और अज्ञात कैंटर ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार एक 19 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाश में जुट गई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा उस समय चर्चा में आया है, जब हाल ही में सेक्टर 150 के पास एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत की खबर भी सुर्खियों में रही थी।

एलिवेटेड रोड पर हादसा कैसे हुआ?
यह हादसा नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में हुआ। 20 जनवरी की सुबह कार और ट्रक की भिड़ंत की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से एक लड़की की मौत हो गई और तीन युवक घायल हुए। मृतक की पहचान फलक अहमद (19) पुत्री अली अहमद के रूप में की गई है। वहीं घायल युवकों की पहचान आयुष भाटी (18) पुत्र संजीव भाटी, नील पवार (18) पुत्र सुशांत पवार और अंश (18) पुत्र दीपक के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार ये सभी लोग जगुआर कार में सवार होकर भंगेल की तरफ से एलिवेटेड रोड पर अगापुर की ओर आ रहे थे।

ओवरटेक के दौरान हुई भिड़ंत
पुलिस ने बताया कि कार चालक ने एलिवेटेड रोड पर आगे चल रहे अज्ञात कैंटर ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार और ट्रक में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और चारों लोग घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कुमारी फलक अहमद की मौत हो गई। अन्य तीनों का इलाज जारी है। मृतक और घायलों के परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं। थाना सेक्टर 49 पुलिस अज्ञात कैंटर ट्रक की खोज में जुटी हुई है और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.