गौतमबुद्धनगर की 17 ग्राम पंचायतें बनीं क्षय रोग मुक्त, प्रशासन ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला

0 18

 

गौतमबुद्धनगर: क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम के तहत गौतमबुद्धनगर जनपद की 17 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। विकास भवन सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करते हुए प्रशस्ति पत्र और महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट की गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से विभिन्न श्रेणियों में चयनित ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इसमें चचूरा और दलेलपुर ग्राम पंचायतों को रजत श्रेणी में सम्मान प्रदान किया गया। वहीं छायसा, रायपुर कला, शाहपुर खुर्द, लोडोना, माहारा और चुहड़पुर बांगर ग्राम पंचायतों को सिल्वर श्रेणी में सम्मानित किया गया।

इसके अलावा इस्लामाबाद कलदा, बैरंगपुर उर्फ नई बस्ती, गुलावठी खुर्द, कैमराला चकरसेनपुर, नूरपुर, धनुबाश, मकनपुर खादर, मोडलपुर और जहाँगीरपुर ग्राम पंचायतों को कांस्य श्रेणी में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ग्राम प्रधानों की भूमिका को बताया अहम

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने में ग्राम प्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों ने घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान कराने और ग्रामीणों को क्षय रोग के प्रति जागरूक करने में सक्रिय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता के चलते ही कई ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा सकी हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक कर रहा है।

सम्मानित ग्राम प्रधानों ने लिया गांव को टीबी मुक्त बनाए रखने का संकल्प

सम्मान प्राप्त करने के बाद ग्राम प्रधानों ने खुशी जाहिर करते हुए संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी अपने गांवों को क्षय रोग मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय रूप से कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भी ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग विभाग से पवन कुमार, हरिओम प्रकाश, अम्बुज पाण्डेय, आलोक कुमार, कमल आर्य, गौरव सक्सेना, अशोक कुमार और वीरेंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.