26/11 मुंबई हमले के 18 साल: 60 घंटे तक दहशत में रहा था शहर, 166 लोगों की गई थी जान; कई साजिशकर्ता अब भी फरार

0 13
नई दिल्ली: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस भयावह रात की यादें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। करीब 60 घंटे तक चले इस हमले ने देश की आर्थिक राजधानी को दहला दिया था। इसमें विदेशी नागरिकों समेत 166 लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। हमले की 18वीं बरसी पर मुंबई एक बार फिर शहीद सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दे रही है।

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल में अंधाधुंध गोलीबारी और विस्फोट किए गए थे।

यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था। इस दौरान आतंकियों ने कई जगहों पर लोगों को बंधक बना लिया था। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 60 घंटे बाद हमले को खत्म किया। इस कार्रवाई में कई सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाई।

कसाब को जिंदा पकड़ा गया, 2012 में दी गई फांसी

हमले में शामिल 10 आतंकियों में से अजमल कसाब को सुरक्षा बलों ने जिंदा पकड़ लिया था। मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई। हमले की साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में अपना बयान दर्ज कराया था।

एक अन्य आरोपी तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया। हालांकि, हमले की साजिश रचने वाले कई प्रमुख आरोपी अब भी भारतीय जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर हैं। माना जाता है कि इनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं।

हर साल शहीदों को दी जाती है श्रद्धांजलि

26/11 की बरसी पर हर साल मुंबई पुलिस मुख्यालय और हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर शहीदों तथा मृतकों को श्रद्धांजलि दी जाती है। मुंबईवासी प्रेरणा स्थल पर भी जुटते हैं। यहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा स्थापित है।

तुकाराम ओंबले ने दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर आतंकियों का मुकाबला किया था। उन्होंने लाठी के दम पर आतंकियों को रोकने की कोशिश की और अजमल कसाब को पकड़ने के दौरान शहीद हो गए थे।

मुंबई ने पहले भी झेले हैं कई बड़े आतंकी हमले

26/11 से पहले भी मुंबई कई बड़े आतंकी हमलों का सामना कर चुकी है। 12 मार्च 1993 को शहर में 12 स्थानों पर सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे, जिनमें 257 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 11 जुलाई 2006 को लोकल ट्रेनों में हुए धमाकों में 188 लोगों की जान गई थी। 13 जुलाई 2011 को दादर, झावेरी बाजार और ओपेरा हाउस में हुए तीन धमाकों में 27 लोग मारे गए थे।

26/11 के बाद भारत ने समुद्री सुरक्षा, खुफिया तंत्र और आतंकवाद विरोधी अभियानों को मजबूत करने के लिए कई बड़े बदलाव किए। यह हमला आज भी देश को सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता की अहमियत याद दिलाता है।

हाफिज सईद समेत छह आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई बाकी

मुंबई हमले के 10 आतंकियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा जारी है। वहीं, लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह अन्य साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों की तामील अभी बाकी है।

विशेष अदालत ने इसी साल जुलाई में छह फरार आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद अगस्त और सितंबर में अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि उसने गृह मंत्रालय से इन आदेशों को तामील कराने का अनुरोध किया है। हालांकि, मंत्रालय की ओर से इस अनुरोध पर अब तक जवाब नहीं मिला है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.