7 गायों से शुरू किया सफर, आज 600 मवेशियों की डेयरी से करोड़ों का कारोबार! अवॉर्ड जीतने वाले किसान ने बताया सफलता का मंत्र
कोट्टायम: केरल के मुरलीधरन नायर की कहानी मेहनत, धैर्य और जुनून की मिसाल बन गई है। साल 2018 में पत्नी के इलाज के लिए शुद्ध दूध और पंचगव्य की तलाश से शुरू हुआ उनका छोटा सा प्रयास आज एक बड़े डेयरी कारोबार में बदल चुका है। कभी सिर्फ 7 गायों से शुरुआत करने वाले मुरलीधरन नायर के फार्म में आज 550 से 600 तक मवेशी हैं और रोजाना करीब 6 हजार लीटर दूध का उत्पादन होता है।
उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें केंद्र सरकार की ओर से साल 2026 का राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार मिला है। उन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान का सम्मान दिया गया है।
पत्नी के इलाज के लिए शुरू की थी डेयरी
मुरलीधरन नायर बताते हैं कि 2018 में उनकी पत्नी ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं। इलाज के दौरान उन्हें शुद्ध दूध और पंचगव्य की जरूरत महसूस हुई। इसी जरूरत ने उन्हें डेयरी क्षेत्र में कदम रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने केरल के कोट्टायम जिले के वैकोम स्थित अराट्टुकुलंगारा में केवल 7 मवेशियों के साथ अपना डेयरी कारोबार शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने गुजरात से अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदीं और कारोबार का विस्तार करते गए।
आज उनके फार्म में गिर, वेचुर जैसी देसी नस्लों के साथ-साथ क्रॉस ब्रीड मवेशी भी मौजूद हैं। देसी नस्लों को बेहतर बनाने के लिए उनके ब्रीडिंग प्रोग्राम में होल्स्टीन फ्रिसियन नस्ल को भी शामिल किया गया है।
रोजाना 6000 लीटर दूध का उत्पादन
मुरलीधरन नायर के डेयरी फार्म में हर दिन करीब 6000 लीटर दूध का उत्पादन होता है। यह दूध बाजारों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है। इसके अलावा उनकी कंपनी दूध से जुड़े कई अन्य उत्पाद भी तैयार करती है।
नायर का कहना है कि अभी कारोबार अपने खर्चों को पूरा करने के स्तर पर है और उन्हें उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में यह पूरी तरह मुनाफे में आने लगेगा।
दुबई में कारोबार, केरल के लिए बड़ा सपना
मुरलीधरन नायर पिछले 32 वर्षों से विदेश में रह रहे हैं और दुबई में अपना कारोबार संचालित करते हैं। वह अमरो ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, जो लॉजिस्टिक्स, शिपिंग समेत कई क्षेत्रों में काम करता है।
उन्होंने साल 2004 में अपने इस ग्रुप की शुरुआत की थी। इसके अलावा वह संयुक्त अरब अमीरात में एक फ्लाइट अकैडमी भी चलाते हैं, जहां अलग-अलग देशों के छात्रों को पायलट बनने की ट्रेनिंग दी जाती है।
हालांकि, उनका कहना है कि डेयरी फार्म शुरू करने का उद्देश्य अपने गृह राज्य के लिए कुछ बेहतर करना है।
’50 पशुओं के बिना डेयरी बिजनेस में न आएं’
डेयरी फार्म शुरू करने वालों को सलाह देते हुए मुरलीधरन नायर कहते हैं कि यह ऐसा कारोबार नहीं है, जिसमें तुरंत बड़ा मुनाफा मिलने लगे। इसके लिए लंबे समय की योजना, पर्याप्त निवेश और पशुओं की देखभाल की वैज्ञानिक समझ जरूरी है।
उन्होंने कहा कि केवल कुछ पशुओं से फार्म शुरू कर देना और उसे कुछ साल चलाना ही पर्याप्त नहीं है। इसे एक स्थायी कारोबार बनाने के लिए सही प्रबंधन और लगातार मेहनत की जरूरत होती है।
नायर के मुताबिक, जो लोग डेयरी फार्मिंग में आना चाहते हैं, उनके पास कम से कम 50 पशु होने चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ पशु गर्भावस्था या अन्य कारणों से दूध देना बंद कर देते हैं, इसलिए नियमित सप्लाई बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पशु होना जरूरी है।
A2 दूध और देसी नस्लों को बढ़ावा देने की योजना
मुरलीधरन नायर का अगला लक्ष्य केरल में A2 दूध और उससे जुड़े उत्पादों को उपलब्ध कराना है। साथ ही वह देसी नस्लों के संरक्षण और पालन को भी बढ़ावा देना चाहते हैं।
उनका 20 एकड़ में फैला एलंजी फार्म आगे विस्तार की तैयारी में है। यह फार्म कूरुमाला पहाड़ी क्षेत्र के पास स्थित है, जहां आने वाले समय में डेयरी कारोबार को और बढ़ाने की योजना है।